9 मार्च से शुरू हो रहे हमारे ऑल-इन-वन ज्यूडिशियरी फाउंडेशन कोर्स के साथ अपनी ज्यूडिशियरी की तैयारी को मजबूत बनाएं | यह कोर्स अंग्रेज़ी और हिंदी दोनों माध्यमों में उपलब्ध है।   |   आज ही हमारे ज्यूडिशियरी फाउंडेशन कोर्स में एडमिशन लें और अपनी तैयारी को और बेहतर बनाएँ | हिंदी माध्यम बैच: 9 मार्च, सुबह 8 बजे   |   आज ही एडमिशन लें बिहार APO (प्रिलिम्स + मेन्स) कोर्स में और अपने सपनों को दे नई दिशा | ऑफलाइन एवं ऑनलाइन मोड में उपलब्ध | 12 जनवरी 2026  से कक्षाएँ आरंभ   |   ज्यूडिशियरी की तैयारी अब हिंदी माध्यम में! दृष्टि ज्यूडिशियरी का नया बैच 22 जून 2026 से शुरू | आज ही एडमिशन लें | ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों मोड में उपलब्ध |   |   एडमिशन ओपन: UP APO प्रिलिम्स + मेंस कोर्स 2025, बैच 6th October से   |   ज्यूडिशियरी फाउंडेशन कोर्स (प्रयागराज)   |   अपनी सीट आज ही कन्फर्म करें - UP APO प्रिलिम्स कोर्स 2025, बैच 6th October से







होम / करेंट अफेयर्स

आपराधिक कानून

अभियुक्त, जिसके विरुद्ध अजमानतीय वारण्ट जारी है, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 530 के अंतर्गत वर्चुअल उपस्थिति की अनुमति मांग सकता है

    «    »
 27-Nov-2026

शिवम पांडे बनाम असम राज्य 

"न्यायालय अभियुक्त को इलेक्ट्रॉनिक या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भागीदारी की अनुमति दे सकते हैं।" 

न्यायमूर्ति शमीमा जहाँ 

स्रोत: गुवाहाटी उच्च न्यायालय 

चर्चा में क्यों? 

न्यायमूर्ति शमीमा जहाँ ने शिवम पांडे बनाम असम राज्य (2026) के मामले का निर्णय दिया। याचिका में विचारण न्यायालय द्वारा अभियुक्त को वर्चुअल रूप से उपस्थित होने की अनुमति देने से इंकार करने तथा उसके प्रतिभूति बंधपत्र को रद्द करने को चुनौती दी गई थी। न्यायालय ने विचारण न्यायालय को निदेश दिया कि वह इलेक्ट्रॉनिक पद्धति से उपस्थित होने के अभियुक्त के अनुरोध पर विचार करे।  

न्यायालय ने यह भी अभिनिर्धारित किया: 

  • भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 530 के अंतर्गत, जहाँ न्यायालय मामले के तथ्यों पर इसे आवश्यक पाता है, वहाँ विचारण, जांच और कार्यवाहियाँ इलेक्ट्रॉनिक पद्धति से, इलेक्ट्रॉनिक संसूचना या ऑडियो-वीडियो साधनों द्वारा संचालित की जा सकती हैं। 
  • न्यायालय, निष्पक्ष विचारण के अधिकारों की रक्षा करते हुए, मामले-विशिष्ट अनुमोदन और वैध औचित्य के आधार पर अभियुक्त को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लेने की अनुमति दे सकते हैं।  

शिवम पांडे बनाम असम राज्य (2026) के मामले की पृष्ठभूमि क्या थी? 

आरोप: 

  • अभियुक्त पर आरोप था कि उसने डिजिटल मुद्रा में छूट देने का वचन देकर सूचनाकर्ता को अपनी कंपनी में निवेश करने के लिये प्रेरित किया। 
  • सूचनाकर्ता ने कथित रूप से ₹7.5 लाख का निवेश किया और उसके साथ छल किया गया। 

जमानत और वारण्ट: 

  • उच्च न्यायालय ने जनवरी 2026 में अभियुक्त को नियमित जमानत प्रदान की थी। 
  • विचारण न्यायालय के समक्ष उपस्थित न होने पर जमानतीय वारण्ट जारी किये गए, और उसके बाद 20 अगस्त 2026 को अजमानतीय वारण्ट (NBW) जारी किया गया। 
  • 5 अक्तूबर 2026 को उच्च न्यायालय ने अजमानतीय वारण्ट को स्थगित रखा और उसे नियमित जमानत के लिये आवेदन करने का निदेश दिया।  

विचारण न्यायालय के समक्ष कार्यवाही: 

  • नियमित जमानत के लिये आवेदन करने के बजाय, अभियुक्त ने विचारण न्यायालय से इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से उपस्थित होने की अनुमति, अजमानतीय वारण्ट को वापस लेने तथा अपनी पूर्व जमानत को जारी रखने का अनुरोध किया।  
  • 8 अक्तूबर 2026 को विचारण न्यायालय ने उसके आवेदन अस्वीकार कर दिये और उसे 30 अक्तूबर 2026 को उपस्थित होने का निदेश दिया। 
  • उसके उपस्थित न होने पर, विचारण न्यायालय ने उसका प्रतिभूति बंधपत्र रद्द कर दिया और 30 अक्तूबर 2026 को नया अजमानतीय वारण्ट जारी किया। 

उच्च न्यायालय के समक्ष कार्यवाही:  

  • अभियुक्त ने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का हवाला देते हुए और चिकित्सीय दस्तावेज़ प्रस्तुत करते हुए दोनों आदेशों को चुनौती दी।  
  • राज्य ने उसके बार-बार अनुपस्थित रहने तथा निर्देशानुसार नियमित जमानत के लिये आवेदन न करने की ओर इंगित करते हुए याचिका का विरोध किया। 

उच्च न्यायालय के समक्ष प्रश्न: 

  • क्या अजमानतीय वारण्ट का सामना कर रहा अभियुक्त भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 530 के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक पद्धति से विचारण न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने की अनुमति मांग सकता है?  

न्यायालय की क्या टिप्पणियां थीं? 

अभियुक्त के आचरण पर: 

  • न्यायालय ने उल्लेख किया कि जमानत प्रदान किये जाने के बावजूद अभियुक्त बार-बार विचारण न्यायालय में उपस्थित नहीं हुआ। 

भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 530 के संबंध में:  

  • भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 530 तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर, जहाँ न्यायालय इसे आवश्यक पाता है, विचारण, जांच और कार्यवाहियों को इलेक्ट्रॉनिक पद्धति से, इलेक्ट्रॉनिक संसूचना या ऑडियो-वीडियो साधनों द्वारा संचालित करने की अनुमति देती है। 
  • उच्चतम न्यायालय ने यह सुस्थापित किया है कि न्यायालय, निष्पक्ष विचारण के अधिकारों की रक्षा करते हुए, मामले-विशिष्ट अनुमोदन और वैध औचित्य के आधार पर अभियुक्त को इलेक्ट्रॉनिक साधनों या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के पद्धति से भाग लेने की अनुमति दे सकते हैं। 

वर्तमान मामले के तथ्यों के संबंध में: 

  • अभियुक्त ने चिकित्सीय दस्तावेज़ प्रस्तुत किये थे, जिनसे यह दर्शित होता है कि वह विभिन्न रोगों से पीड़ित है। 
  • वह उत्तर प्रदेश में निवास करता है, जबकि विचारण असम में लंबित है। 
  • इन परिस्थितियों में, विचारण न्यायालय को इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से उपस्थित होने के उसके अनुरोध पर विचार करने का निदेश दिया गया। 

निदेश: 

  • अभियुक्त को, उच्च न्यायालय द्वारा 5 अक्तूबर 2026 को दिए गए निर्देशानुसार, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, हाफलोंग के समक्ष इलेक्ट्रॉनिक पद्धति से उपस्थित होने की अनुमति तथा नियमित जमानत की मांग करते हुए नए आवेदन दाखिल करने होंगे। 
  • विचारण न्यायालय को दोनों आवेदनों पर विधि के अनुसार विचार करना होगा। 

निर्णय 

  • याचिका का निपटारा कर दिया गया। 
  • विचारण न्यायालय को निदेश दिया गया कि वह अभियुक्त के वर्चुअल उपस्थिति के अनुरोध और उसके नियमित जमानत के आवेदन पर विधि के अनुसार विचार करे। 

भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 530 क्या है? 

अर्थ: 

  • भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 530 यह उपबंधित करती है कि संहिता के अंतर्गत विचारण, जांच और कार्यवाहियाँ इलेक्ट्रॉनिक पद्धति से, इलेक्ट्रॉनिक संसूचना या ऑडियो-वीडियो इलेक्ट्रॉनिक साधनों द्वारा संचालित की जा सकती हैं। 
  • यह एक नया उपबंध है, जिसका दण्ड प्रक्रिया संहिता, 1973 में कोई प्रत्यक्ष समतुल्य उपबंध नहीं है। 

जो कार्यवाहियाँ इलेक्ट्रॉनिक पद्धति से संचालित की जा सकती हैं, उनमें सम्मिलित हैं: 

  • समन और वारण्ट का जारी किया जाना, तामील और निष्पादन; 
  • परिवादी और साक्षियों की परीक्षा; 
  • जांच और विचारणों में साक्ष्य का अभिलेखन; तथा 
  • अपीलीय और अन्य कार्यवाहियाँ। 

उपबंध का उद्देश्य: 

  • इसका उद्देश्य आपराधिक कार्यवाहियों में तेजी लाना, विलंब को कम करना तथा भौतिक उपस्थिति के व्यय और कठिनाई को घटाना है। 
  • यह COVID-19 महामारी के दौरान और उसके पश्चात वर्चुअल सुनवाइयों में हुई वृद्धि पर आधारित है। 

वर्चुअल उपस्थिति की सीमाएँ: 

  • वर्चुअल उपस्थिति अभियुक्त का अधिकार नहीं है। न्यायालय प्रत्येक मामले के तथ्यों के आधार पर निर्णय करता है। 
  • न्यायालय का इस बात से संतुष्ट होना आवश्यक है कि कोई वैध औचित्य विद्यमान है, जैसे बीमारी या दूरी। 
  • अभियुक्त के निष्पक्ष विचारण के अधिकार की संपूर्ण कार्यवाही में रक्षा की जानी चाहिये। 

अजमानतीय वारण्ट: 

  • अजमानतीय वारण्ट पुलिस को नामित व्यक्ति को गिरफ्तार करने और उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने का निदेश देता है। जमानती वारण्ट के विपरीत, पुलिस उस व्यक्ति को जमानत पर छोड़ नहीं सकती।   
  • न्यायालय सामान्यतः अजमानतीय वारण्ट तब जारी करते हैं जब कोई अभियुक्त समन या जमानतीय वारण्ट के होते हुए भी निरंतर उपस्थित होने में असफल रहता है। 

जमानत बंधपत्र और प्रतिभूति:  

  • जमानत पर छोड़े गए अभियुक्त को जब भी अपेक्षित हो, न्यायालय के समक्ष उपस्थित होना होगा। 
  • यदि अभियुक्त उपस्थित होने में असफल रहता है, तो न्यायालय बंधपत्र को समपहृत कर सकता है और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 491 (पूर्ववर्ती दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 446) के अंतर्गत अभियुक्त और प्रतिभुओं के विरुद्ध कार्यवाही कर सकता है