9 मार्च से शुरू हो रहे हमारे ऑल-इन-वन ज्यूडिशियरी फाउंडेशन कोर्स के साथ अपनी ज्यूडिशियरी की तैयारी को मजबूत बनाएं | यह कोर्स अंग्रेज़ी और हिंदी दोनों माध्यमों में उपलब्ध है।   |   आज ही हमारे ज्यूडिशियरी फाउंडेशन कोर्स में एडमिशन लें और अपनी तैयारी को और बेहतर बनाएँ | हिंदी माध्यम बैच: 9 मार्च, सुबह 8 बजे   |   आज ही एडमिशन लें बिहार APO (प्रिलिम्स + मेन्स) कोर्स में और अपने सपनों को दे नई दिशा | ऑफलाइन एवं ऑनलाइन मोड में उपलब्ध | 12 जनवरी 2026  से कक्षाएँ आरंभ   |   ज्यूडिशियरी की तैयारी अब हिंदी माध्यम में! दृष्टि ज्यूडिशियरी का नया बैच 22 जून 2026 से शुरू | आज ही एडमिशन लें | ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों मोड में उपलब्ध |   |   एडमिशन ओपन: UP APO प्रिलिम्स + मेंस कोर्स 2025, बैच 6th October से   |   ज्यूडिशियरी फाउंडेशन कोर्स (प्रयागराज)   |   अपनी सीट आज ही कन्फर्म करें - UP APO प्रिलिम्स कोर्स 2025, बैच 6th October से







होम / करेंट अफेयर्स

आपराधिक कानून

केवल अन्वेषण पर आपत्ति करने वाली विरोध याचिका (प्रोटेस्ट पिटीशन) परिवाद नहीं है

    «    »
 26-Nov-2026

दीप्ति सिंह बनाम उत्तर प्रदेश राज्य एवं अन्य 

"पुलिस द्वारा किये गए अन्वेषण पर आपत्तियों का मात्र सार प्रस्तुत करना परिवाद का रूप नहीं लेता।" 

न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा एवं न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर 

स्रोत: उच्चतम न्यायालय 

चर्चा में क्यों? 

न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा एवं न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर की पीठ ने दीप्ति सिंह बनाम उत्तर प्रदेश राज्य एवं अन्य (2026) के मामले में निर्णय दिया। न्यायालय ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा एक प्रोटेस्ट पिटीशन पर पारित संज्ञान आदेश को अभिखंडित कर दिया, जिसे इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने यथावत रखा था। 

न्यायालय ने यह भी अभिनिर्धारित किया: 

  • प्रोटेस्ट पिटीशन को मजिस्ट्रेट द्वारा अपराध का संज्ञान लेने हेतु स्वतः परिवाद नहीं माना जा सकता। 
  • इसे परिवाद तभी माना जा सकता है जब उसमें अभियुक्त के विरुद्ध विशिष्ट आरोप तथा साक्षियों की सूची हो। 
  • यदि पुलिस रिपोर्ट में अभियुक्त के विरुद्ध कोई सामग्री नहीं है, संभवतः अन्वेषण के दोषपूर्ण होने के कारण, तो मजिस्ट्रेट के पास एकमात्र विकल्प अग्रिम अन्वेषण का निदेश देना है। 
  • एक बार जब प्रोटेस्ट पिटीशन को परिवाद मान लिया जाए, तो समन जारी करने से पूर्व दण्ड प्रक्रिया संहिता के अध्याय 15 के अंतर्गत प्रक्रिया का पालन किया जाना आवश्यक है। 

दीप्ति सिंह बनाम उत्तर प्रदेश राज्य (2026) के मामले की पृष्ठभूमि क्या थी? 

प्रोटेस्ट पिटीशन: 

  • पुलिस अन्वेषण के पश्चात्, सूचनाकर्ता ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) के समक्ष एक प्रोटेस्ट पिटीशन दायर की। 
  • याचिका में अन्वेषण को दोषपूर्ण बताते हुए उस पर आपत्तियाँ उठाई गईं तथा मजिस्ट्रेट से उसी आधार पर संज्ञान लेने का अनुरोध किया गया। 

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) के समक्ष कार्यवाही: 

  • 25 मार्च 2025 के आदेश द्वारा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) ने अपराध का संज्ञान लिया और तत्पश्चात् अभियुक्त को समन जारी किया।  
  • संज्ञान आदेश लगभग सत्तर पृष्ठों का था। 

उच्च न्यायालय के समक्ष कार्यवाही: 

  • इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने संज्ञान आदेश को यथावत रखा। 

उच्चतम न्यायालय के समक्ष कार्यवाही: 

  • अभियुक्त ने संज्ञान आदेश को अभिखंडित कराने हेतु उच्चतम न्यायालय में अपील की। 

उच्चतम न्यायालय के समक्ष प्रश्न: 

  • क्या कोई मजिस्ट्रेट ऐसी प्रोटेस्ट पिटीशन को, जो केवल पुलिस अन्वेषण पर आपत्ति करती है, परिवाद मानकर उसी आधार पर संज्ञान ले सकता है? 

न्यायालय की क्या टिप्पणियां थीं? 

परिवाद के अर्थ के संबंध में: 

  • दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 2(घ) के अधीन, परिवाद में पुलिस रिपोर्ट सम्मिलित नहीं है। 
  • परिवाद, मजिस्ट्रेट के समक्ष मौखिक या लिखित रूप में किया गया यह अभिकथन है कि किसी ज्ञात या अज्ञात व्यक्ति ने अपराध किया है, जिसमें मजिस्ट्रेट से विधि के अनुसार कार्यवाही करने का अनुरोध किया गया हो। 

प्रोटेस्ट पिटीशन कब परिवाद हो सकती है, इस संबंध में: 

  • मजिस्ट्रेट किसी प्रोटेस्ट पिटीशन को दण्ड प्रक्रिया संहिता के अध्याय 15 के अधीन परिवाद मान सकता है, किंतु केवल तभी जब उसमें अभियुक्त द्वारा अपराध किये जाने का विशिष्ट अभिकथन तथा साक्षियों की सूची हो। 
  • जो याचिका केवल पुलिस अन्वेषण पर आपत्तियों का सार प्रस्तुत करती है, या पुलिस रिपोर्ट की कमियों को इंगित करती है, वह परिवाद नहीं है। 

दोषपूर्ण अन्वेषण के संबंध में: 

  • दोषपूर्ण अन्वेषण, ऐसे परिवाद पर संज्ञान लेने का आधार नहीं है जो कार्यवाही आगे बढ़ाने के लिये पर्याप्त सामग्री प्रस्तुत नहीं करता। 
  • यदि पुलिस रिपोर्ट में अभियुक्त के विरुद्ध कोई सामग्री नहीं है, तो मजिस्ट्रेट के पास संज्ञान लेने का कोई आधार नहीं रहता। एकमात्र विकल्प अग्रिम अन्वेषण का निदेश देना है, यदि मजिस्ट्रेट उसे आवश्यक समझे। 

दण्ड प्रक्रिया संहिता के अध्याय 15 के अंतर्गत प्रक्रिया के संबंध में: 

  • एक बार जब मजिस्ट्रेट प्रोटेस्ट पिटीशन को परिवाद मानने का निर्णय ले लेता है, तो समन जारी करने से पूर्व अध्याय 15 के अंतर्गत प्रक्रिया का पालन किया जाना आवश्यक है। 
  • समन-पूर्व प्रक्रम में, मजिस्ट्रेट को परिवादी द्वारा प्रस्तुत सामग्री की परीक्षा करनी चाहिये तथा परिवादी और साक्षियों के कथनों की आंतरिक गुणवत्ता का आकलन करना चाहिये। 

प्रस्तुत वाद में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) के आदेश के संबंध में: 

  • आदेश से यह प्रकट नहीं होता था कि किसी भी आज्ञापक प्रक्रिया का पालन किया गया था। 
  • उसमें ऐसा कोई संकेत नहीं था कि प्रोटेस्ट पिटीशन परिवाद की विधिक अपेक्षाओं को पूरा करती थी। 
  • उसमें मात्र दर्जनों निर्णयों का उल्लेख किया गया और अन्वेषण में त्रुटियाँ निकाली गईं, जिसे न्यायालय ने शक्ति का अनुचित प्रयोग कहा। 
  • ऐसी प्रोटेस्ट पिटीशन को, जो केवल अन्वेषण पर आपत्ति करती थी, परिवाद मानकर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) ने विधि के लिये अज्ञात प्रक्रिया अपनाई। 
  • चूँकि समन अध्याय 15 का पालन किये बिना जारी किये गए थे, इसलिये संज्ञान आदेश गंभीर प्रक्रियागत अनियमितताओं से ग्रस्त था, जिसने अपीलकर्त्ता के विरुद्ध कार्यवाही को दूषित कर दिया। 

निर्णय 

  • अपील मंजूर की गई। 
  • 25 मार्च 2025 के संज्ञान आदेश को रद्द कर दिया गया। 

दण्ड प्रक्रिया संहिता और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के अंतर्गत प्रोटेस्ट पिटीशन क्या है? 

अर्थ: 

  • प्रोटेस्ट पिटीशन सूचनाकर्ता या परिवादी द्वारा मजिस्ट्रेट के समक्ष किसी पुलिस रिपोर्ट पर आपत्ति करने के लिये दायर की जाती है, सामान्यतः ऐसी अंतिम या समापन रिपोर्ट पर जिसमें कहा गया हो कि कोई अपराध नहीं बनता। 
  • इस शब्द की परिभाषा दण्ड प्रक्रिया संहिता या भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता में नहीं दी गई है। यह न्यायिक व्यवहार के माध्यम से विकसित हुआ है। 

परिवाद की परिभाषा: 

  • दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 2(घ) (अब भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 2(1)(ज)) परिवाद को मजिस्ट्रेट के समक्ष, उसके द्वारा कार्यवाही किये जाने की दृष्टि से, मौखिक या लिखित रूप में किया गया यह अभिकथन परिभाषित करती है कि किसी व्यक्ति ने अपराध किया है। 
  • पुलिस रिपोर्ट को इस परिभाषा से बाहर रखा गया है। 

पुलिस रिपोर्ट प्राप्त होने पर मजिस्ट्रेट के समक्ष विकल्प: 

जब पुलिस यह कहते हुए अंतिम रिपोर्ट दाखिल करती है कि कोई अपराध नहीं बनता, तब मजिस्ट्रेट: 

  • सूचनाकर्ता को सुनवाई का अवसर देने के पश्चात् रिपोर्ट को स्वीकार कर कार्यवाही समाप्त कर सकता है; 
  • रिपोर्ट से असहमत होकर, यदि अभिलेख पर उपलब्ध सामग्री उसका समर्थन करती हो, तो दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 190(1)(ख) (अब भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 210(1)(ख)) के अंतर्गत पुलिस रिपोर्ट पर संज्ञान ले सकता है; 
  • दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 173(8) (अब भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 193(9)) के अंतर्गत अग्रिम अन्वेषण का निदेश दे सकता है; अथवा 
  • प्रोटेस्ट पिटीशन को, यदि वह परिवाद की अपेक्षाओं को पूरा करती हो, परिवाद मानकर परिवाद प्रक्रिया के अनुसार कार्यवाही कर सकता है।