9 मार्च से शुरू हो रहे हमारे ऑल-इन-वन ज्यूडिशियरी फाउंडेशन कोर्स के साथ अपनी ज्यूडिशियरी की तैयारी को मजबूत बनाएं | यह कोर्स अंग्रेज़ी और हिंदी दोनों माध्यमों में उपलब्ध है।   |   आज ही हमारे ज्यूडिशियरी फाउंडेशन कोर्स में एडमिशन लें और अपनी तैयारी को और बेहतर बनाएँ | हिंदी माध्यम बैच: 9 मार्च, सुबह 8 बजे   |   आज ही एडमिशन लें बिहार APO (प्रिलिम्स + मेन्स) कोर्स में और अपने सपनों को दे नई दिशा | ऑफलाइन एवं ऑनलाइन मोड में उपलब्ध | 12 जनवरी 2026  से कक्षाएँ आरंभ   |   ज्यूडिशियरी की तैयारी अब हिंदी माध्यम में! दृष्टि ज्यूडिशियरी का नया बैच 22 जून 2026 से शुरू | आज ही एडमिशन लें | ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों मोड में उपलब्ध |   |   एडमिशन ओपन: UP APO प्रिलिम्स + मेंस कोर्स 2025, बैच 6th October से   |   ज्यूडिशियरी फाउंडेशन कोर्स (प्रयागराज)   |   अपनी सीट आज ही कन्फर्म करें - UP APO प्रिलिम्स कोर्स 2025, बैच 6th October से







होम / करेंट अफेयर्स

आपराधिक कानून

अस्पष्ट एवं सारहीन आदेशों के माध्यम से समन जारी नहीं किये जा सकते

    «    »
 25-Nov-2026

जे. रघु राम एवं अन्य बनाम तेलंगाना राज्य एवं अन्य 

"किसी व्यक्ति को आपराधिक विचारण का सामना करने हेतु समन जारी करने के निर्देश संक्षिप्त एवं अस्पष्ट आदेशों के आधार पर पारित नहीं किये जा सकते।" 

न्यायमूर्ति जे. श्रीनिवास राव 

स्रोत: तेलंगाना उच्च न्यायालय 

चर्चा में क्यों? 

न्यायमूर्ति जे. श्रीनिवास राव ने जे. रघु राम एवं अन्य बनाम तेलंगाना राज्य एवं अन्य (2026) के मामले में निर्णय दिया। न्यायालय ने मजिस्ट्रेट के उस संज्ञान आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें एक संक्षिप्त एवं अस्पष्ट आदेश-पत्र के माध्यम से दो अभियुक्तों को समन किया गया था।  

न्यायालय ने यह भी अभिनिर्धारित किया: 

  • किसी अभियुक्त को आपराधिक विचारण का सामना करने के लिये समन करने हेतु आदेशिका जारी करना एक गंभीर विषय है और इसे यंत्रवत् नहीं किया जा सकता। 
  • संज्ञान लेते समय मजिस्ट्रेट को न्यायिक विवेक का प्रयोग कर यह निर्धारित करना होगा कि क्या आरोप, यदि साबित हो जाएँ, तो अपराध गठित करेंगे। 
  • संतुष्टि अभिलिखित किये बिना या कारण दिये बिना संज्ञान लेने वाला आदेश कायम नहीं रखा जा सकता। 

जे. रघु राम बनाम तेलंगाना राज्य (2026) के मामले की पृष्ठभूमि क्या थी? 

परिवाद: 

  • नगरम मंडल के एक पूर्व तहसीलदार-सह-संयुक्त उप-रजिस्ट्रार ने दोनों याचिकाकर्त्ताओं के विरुद्ध परिवाद दायर किया। 
  • भारतीय दण्ड संहिता, 1860 की धारा 353 (लोक सेवक को कर्त्तव्य निर्वहन से भयोपरत करने के लिये हमला या आपराधिक बल), सहपठित भारतीय दण्ड संहिता की धारा 34 (सामान्य आशय) के अधीन प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज की गई। 
  • आपराधिक कार्यवाही सूर्यापेट जनपद के तुंगतुर्थी स्थित न्यायालय के समक्ष लंबित थी। 

समन: 

  • 16 मई 2024 को मजिस्ट्रेट ने संज्ञान लिया और याचिकाकर्त्ताओं को समन जारी किया। 

उच्च न्यायालय के समक्ष याचिकाकर्त्ताओं के तर्क: 

  • सरल अवलोकन पर भी परिवाद से भारतीय दण्ड संहिता की धारा 353 के अधीन कोई अपराध प्रकट नहीं होता था। 
  • इसमें कोई हमला या आपराधिक बल अंतर्ग्रस्त नहीं था, इसलिये उक्त धारा का आश्रय नहीं लिया जाना चाहिये था। 
  • दूसरे अभियुक्त की मृत्यु जुलाई 2023 में हो चुकी थी, फिर भी उसके विरुद्ध आरोप-पत्र लंबित था। 
  • अक्तूबर 2026 में व्यक्तिगत रूप से नोटिस की तामील होने के बावजूद परिवादकर्त्ता (प्रत्यर्थी सं. 2) उच्च न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं हुआ। 

उच्च न्यायालय के समक्ष प्रश्न: 

क्या कोई मजिस्ट्रेट संतुष्टि अभिलिखित किए बिना या कारण दिये बिना किसी संक्षिप्त एवं अस्पष्ट आदेश-पत्र के माध्यम से संज्ञान लेकर अभियुक्त को समन कर सकता है? 

न्यायालय की क्या टिप्पणियां थीं? 

अभियुक्त को समन करने की गंभीरता के संबंध में: 

  • फखरुद्दीन अहमद बनाम उत्तरांचल राज्य एवं अन्य (2008) पर विश्वास करते हुए न्यायालय ने कहा कि किसी अभियुक्त को आपराधिक विचारण का सामना करने के लिये समन करने हेतु आदेशिका जारी करना एक गंभीर विषय है। 
  • ऐसा आदेश संक्षिप्त एवं अस्पष्ट आदेश-पत्र पर आधारित नहीं हो सकता। उससे यह प्रकट होना चाहिये कि पीठासीन अधिकारी ने संज्ञान लेते और आदेशिका जारी करते समय अपने विवेक का प्रयोग किया।                        

संज्ञान के चरण पर मजिस्ट्रेट के कर्त्तव्य के संबंध में: 

  • सुनील भारती मित्तल बनाम केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (2015) पर विश्वास करते हुए न्यायालय ने कहा कि चाहे मामला परिवाद पर आए या पुलिस रिपोर्ट पर, मजिस्ट्रेट को यह विचार करना होगा कि क्या उससे अपराध का किया जाना प्रकट होता है।  
  • संज्ञान लेने के लिये मजिस्ट्रेट को यह निर्धारित करना आवश्यक है कि क्या आरोप, यदि साबित हो जाएँ, तो अपराध गठित करेंगे। 

वर्तमान मामले में मजिस्ट्रेट के आदेश के संबंध में: 

  • विचारण न्यायालय के आदेश में प्रक्रियात्मक त्रुटियाँ थीं। 
  • मजिस्ट्रेट ने संतुष्टि अभिलिखित किये बिना और कोई कारण दिये बिना संज्ञान लिया। 
  • मजिस्ट्रेट ने अपराधों का नहीं, अपितु अभियुक्तों के विरुद्ध संज्ञान लिया। 

निर्णय 

  • संज्ञान आदेश को रद्द कर दिया गया। 
  • मजिस्ट्रेट को नए सिरे से संज्ञान लेने और विधि के अनुसार कार्यवाही करने का निदेश दिया गया। 
  • आपराधिक याचिका का निपटारा कर दिया गया। 

दण्ड प्रक्रिया संहिता और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के अंतर्गत संज्ञान और आदेशिका जारी करना क्या है? 

संज्ञान का अर्थ: 

  • संज्ञान से तात्पर्य उस बिंदु से है, जब मजिस्ट्रेट कार्यवाही आरंभ करने के लिये पहली बार किसी मामले के तथ्यों पर न्यायिक विवेक का प्रयोग करता है। 
  • दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 190 (अब भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 210) मजिस्ट्रेट को किसी अपराध का संज्ञान लेने के लिये सशक्त करती है:  
    • अपराध गठित करने वाले तथ्यों के परिवाद की प्राप्ति पर; 
    • ऐसे तथ्यों की पुलिस रिपोर्ट पर; या 
    • किसी पुलिस अधिकारी से भिन्न किसी व्यक्ति से प्राप्त सूचना पर, या मजिस्ट्रेट के स्वयं के ज्ञान पर। 
  • संज्ञान अपराध का लिया जाता है, अपराधी का नहीं। इसी कारण उच्च न्यायालय ने मजिस्ट्रेट द्वारा अपराधों के स्थान पर अभियुक्तों के विरुद्ध संज्ञान लिये जाने को त्रुटिपूर्ण ठहराया। 

आदेशिका जारी करना: 

  • दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 204 (अब भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 227) यह उपबंध करती है कि यदि मजिस्ट्रेट की राय में कार्यवाही के लिये पर्याप्त आधार है, तो मजिस्ट्रेट अभियुक्त के विरुद्ध समन या वारण्ट जारी कर सकता है। 
  • "कार्यवाही के लिये पर्याप्त आधार" पद के लिये मजिस्ट्रेट से यह अपेक्षित है कि वह अभिलेख पर उपलब्ध सामग्री पर विचार करने के पश्चात् राय बनाए।  

समन करने को नियंत्रित करने वाले सिद्धांत: 

  • किसी आपराधिक मामले में अभियुक्त को समन करना एक गंभीर विषय है और इसे सामान्य प्रक्रिया के रूप में नहीं किया जा सकता। 
  • समन आदेश से यह प्रकट होना चाहिये कि मजिस्ट्रेट ने तथ्यों और विधि पर विवेक का प्रयोग किया। 
  • विस्तृत कारणों की आवश्यकता नहीं है, किंतु आदेश से यह प्रकट होना चाहिये कि मजिस्ट्रेट इस बात से संतुष्ट था कि प्रथम दृष्टया मामला विद्यमान है। 
  • मुद्रित प्रोफॉर्मा या मात्र आदेश-पत्रिका (डॉकेट) प्रविष्टि जैसा गूढ़ या यांत्रिक आदेश रद्द किये जाने योग्य है। 

भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के अंतर्गत परिवर्तन: 

  • भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 223(1) के परंतुक के अधीन, मजिस्ट्रेट परिवाद पर किसी अपराध का संज्ञान अभियुक्त को सुनवाई का अवसर दिये बिना नहीं ले सकता। यह रक्षोपाय दण्ड प्रक्रिया संहिता के अंतर्गत विद्यमान नहीं था।