9 मार्च से शुरू हो रहे हमारे ऑल-इन-वन ज्यूडिशियरी फाउंडेशन कोर्स के साथ अपनी ज्यूडिशियरी की तैयारी को मजबूत बनाएं | यह कोर्स अंग्रेज़ी और हिंदी दोनों माध्यमों में उपलब्ध है।   |   आज ही हमारे ज्यूडिशियरी फाउंडेशन कोर्स में एडमिशन लें और अपनी तैयारी को और बेहतर बनाएँ | हिंदी माध्यम बैच: 9 मार्च, सुबह 8 बजे   |   आज ही एडमिशन लें बिहार APO (प्रिलिम्स + मेन्स) कोर्स में और अपने सपनों को दे नई दिशा | ऑफलाइन एवं ऑनलाइन मोड में उपलब्ध | 12 जनवरी 2026  से कक्षाएँ आरंभ   |   ज्यूडिशियरी की तैयारी अब हिंदी माध्यम में! दृष्टि ज्यूडिशियरी का नया बैच 22 जून 2026 से शुरू | आज ही एडमिशन लें | ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों मोड में उपलब्ध |   |   एडमिशन ओपन: UP APO प्रिलिम्स + मेंस कोर्स 2025, बैच 6th October से   |   ज्यूडिशियरी फाउंडेशन कोर्स (प्रयागराज)   |   अपनी सीट आज ही कन्फर्म करें - UP APO प्रिलिम्स कोर्स 2025, बैच 6th October से







होम / एडिटोरियल

सांविधानिक विधि

केंद्रीय सचिवालय पुस्तकालय का स्थानांतरण

    «
 24-Nov-2026

स्रोत: द हिंदू  

परिचय  

दिल्ली स्थित केंद्रीय सचिवालय पुस्तकालय (CSL) 135 वर्ष पुराना है और इसमें 8.5 लाख से अधिक पुस्तकें हैं। इसे सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के अंतर्गत शास्त्री भवन परिसर से हटाया जा रहा है। 17 सितंबर को पुस्तकालय को 30 सितंबर तक परिसर खाली करने का निदेश दिया गया था। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) ने इसे तथा परिसर के अन्य कार्यालयों को ध्वस्तीकरण और पुनर्निर्माण प्रारंभ होने से पूर्व अपना फर्नीचर एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण हटाने को कहा था। तथापि, पुस्तकालय के लिये कोई स्पष्ट स्थान निर्धारित नहीं किया गया था। इसके पश्चात उच्चतम न्यायालय ने इस विषय का स्वतः संज्ञान लिया और केंद्र सरकार की स्थानांतरण योजना की जांच की।  

केंद्रीय सचिवालय पुस्तकालय का इतिहास क्या है?  

उत्पत्ति:  

  • केंद्रीय सचिवालय पुस्तकालय (CSL) भारत सरकार के सबसे पुराने पुस्तकालयों में से एक है और वर्तमान में संस्कृति मंत्रालय के अधीन है।   
  • इसकी शुरुआत वर्ष 1891 में कोलकाता में इंपीरियल सचिवालय पुस्तकालय के रूप में हुई थी।  
  • राजधानी के स्थानांतरित होने पर यह दिल्ली आ गया और वर्ष 1969 से शास्त्री भवन के जी-विंग में स्थित है।  

प्रशासनिक नियंत्रण:  

  • वर्ष 1971 तक पुस्तकालय पर शिक्षा मंत्रालय का नियंत्रण था।  
  • वर्ष 1972 में इसे संस्कृति मंत्रालय को अंतरित कर दिया गया।  

संग्रह:  

  • लगभग 8,50,000 मुद्रित एवं अमुद्रित खंडों के साथ यह कोलकाता स्थित राष्ट्रीय पुस्तकालय के पश्चात केंद्र सरकार का दूसरा सबसे बड़ा पुस्तकालय है।  
  • यह नई दिल्ली के आर.के. पुरम में एक पाठ्यपुस्तक पुस्तकालय का संचालन करता है।  
  • इसने वर्ष 1922 से 2001 तक की भारत के राजपत्र की अधिसूचनाओं के संपूर्ण पाठ का डिजिटलीकरण किया है।  
  • इसके विशाल शोध संग्रह में विश्व के देशों तथा भारत के क्षेत्रों से संबंधित सामग्री सम्मिलित है।  
  • इसके पास ब्रिटिश काल के सरकारी प्रकाशनों के माइक्रोफिल्म भी उपलब्ध हैं।  

पुस्तकालय को स्थानांतरित करने की आवश्यकता क्यों है?  

  • शास्त्री भवन, जिसमें केंद्रीय सचिवालय पुस्तकालय (CSL) स्थित है, को सेंट्रल विस्टा विकास परियोजना के अंतर्गत ध्वस्त किया जाना है।  
  • भवन के सभी कार्यालयों को 30 सितंबर तक परिसर खाली करने को कहा गया था, किंतु पुस्तकालय के लिये कोई स्पष्ट स्थान चिह्नित नहीं किया गया था।  

उच्चतम न्यायालय ने प्रारंभ में क्या कहा था?  

  • उच्चतम न्यायालय ने अक्तूबर के प्रारंभ में इस विषय का स्वतः संज्ञान लिया।  
  • 5 अक्तूबर को न्यायालय ने केंद्र सरकार से स्थानांतरण के संबंध में विस्तृत शपथ-पत्र प्रस्तुत करने को कहा, जिसमें पुस्तकालय के लिये निर्धारित स्थान तथा उसकी अभिन्यास योजनाएँ सम्मिलित हों।  
  • न्यायालय केंद्रीय सचिवालय पुस्तकालय (CSL) के क्षेत्रीय भाषा अनुभाग की दो लाख से अधिक पुस्तकों को लेकर भी चिंतित था। इन्हें दिल्ली मेट्रो के निर्माण के दौरान आर.के. पुरम के एक कार्यालय परिसर में स्थानांतरित किया गया था और ये लगभग 15 वर्षों से डिब्बों में बंद पड़ी हैं।  

सरकार के शपथपत्र में क्या कहा गया था?  

स्थायी स्थानांतरण:  

  • 16 नवंबर के अपने शपथपत्र में केंद्र सरकार ने कहा कि प्रस्तावित कर्त्तव्य भवन-4, जो शास्त्री भवन के वर्तमान स्थल पर निर्मित किया जाएगा, में केंद्रीय सचिवालय पुस्तकालय (CSL) और तुलसी सदन पुस्तकालय, दोनों के लिये स्थान आरक्षित किया गया है।  
  • दोनों पुस्तकालयों को लगभग 5,583 वर्ग मीटर क्षेत्र आवंटित किया गया है: भूतल पर 4,112 वर्ग मीटर और प्रथम तल पर 1,471 वर्ग मीटर। वर्तमान में वे 5,209.58 वर्ग मीटर क्षेत्र में स्थित हैं।  
  • कर्त्तव्य भवन-4 के निर्माण का ठेका प्रदान किया जा चुका है और भवन का निर्माण दिसंबर 2028 तक पूर्ण होना निर्धारित है।  

अंतरिम व्यवस्था:   

  • तब तक केंद्रीय सचिवालय पुस्तकालय (CSL) की पुस्तकें कर्त्तव्य भवन-4 में स्थायी स्थान पर स्थानांतरित किये जाने से पूर्व नेताजी नगर के समीप सामान्य पूल कार्यालय आवास परिसर में अस्थायी रूप से रखी जाएंगी।  

उच्चतम न्यायालय ने शपथपत्र पर क्या प्रतिक्रिया दी?  

केंद्र सरकार की आलोचना:  

  • न्यायालय ने 135 वर्ष पुराने पुस्तकालय को स्थानांतरित करने के केंद्र सरकार के तदर्थ दृष्टिकोण की आलोचना की।  
  • उसने आदेश दिया कि 20 नवंबर को होने वाली अगली सुनवाई तक शास्त्री भवन से कोई भी पुस्तक न हटाई जाए।  
  • उसने कहा कि वह पुस्तकालय को कर्त्तव्य भवन-4 में स्थायी रूप से स्थानांतरित करने के प्रस्ताव की जांच करेगा।  
  • पीठ ने इस संग्रह को वर्ष 1702 तक की धरोहर बताया। उसने कहा कि सरकार जल्दबाजी में प्रतीत होती है, और यह प्रश्न किया कि वह इन पुस्तकों का क्या करने की योजना बना रही है।  

न्याय-मित्र के निवेदन:  

  • न्याय-मित्र नियुक्त की गईं वरिष्ठ अधिवक्ता हरिप्रिया पद्मनाभन ने पीठ को बताया कि केंद्रीय सचिवालय पुस्तकालय (CSL) की पुस्तकों को अस्थायी सुविधा स्थल पर स्थानांतरित करने हेतु निविदा जारी की जा चुकी है।  
  • उन्होंने उस सुविधा स्थल का निरीक्षण किया था जहाँ तुलसी सदन पुस्तकालय की पुस्तकें रखी जा रही थीं और उनकी स्थिति को "अत्यंत शोचनीय" बताया।  

सामान्य चिंताएँ:  

  • पीठ ने उल्लेख किया कि दोनों पुस्तकालयों से संबंधित चिंताएँ समान हैं, और इस बात पर बल दिया कि पुस्तकों के साथ सम्मानपूर्ण व्यवहार किया जाना चाहिये।  

वर्तमान स्थिति क्या है?  

  • 20 नवंबर को पीठ ने मामले को भारत के मुख्य न्यायाधीश को भेज दिया, जिससे उसे उपयुक्त पीठ को सौंपा जा सके।  

स्वतः संज्ञान क्या है?  

  • "स्वतः संज्ञान (Suo Motu)" का अर्थ है "न्यायालय द्वारा स्वप्रेरणा से किसी मामले पर विचार करना"।  
  • जब कोई न्यायालय बिना किसी औपचारिक याचिका के, सामान्यतः समाचार रिपोर्टों, पत्रों या अन्य सूचनाओं के आधार पर, जो लोक महत्त्व का कोई विषय उठाती हैं, स्वयं कार्यवाही प्रारंभ करता है, तो उसे स्वतः संज्ञान लेना कहा जाता है।  
  • उच्चतम न्यायालय इस शक्ति का प्रयोग मुख्यतः संविधान के अनुच्छेद 32 के साथ पठित अनुच्छेद 142 के अंतर्गत करता है। उच्च न्यायालय अनुच्छेद 226 के अंतर्गत ऐसा करते हैं।  

निष्कर्ष  

यह मामला बड़ी अवसंरचना परियोजनाओं तथा संस्थागत एवं सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के मध्य विद्यमान तनाव को दर्शाता है। सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास के लिये शास्त्री भवन को खाली किया जाना आवश्यक है, किंतु उच्चतम न्यायालय ने संकेत दिया है कि एक सदी से अधिक के इतिहास वाले पुस्तकालय को समुचित योजना और सावधानी के बिना स्थानांतरित नहीं किया जा सकता। 15 वर्षों से डिब्बों में बंद पड़ी पुस्तकों से लेकर अस्थायी भंडारण स्थल की स्थिति तक, न्यायालय की चिंताएँ यह इंगित करती हैं कि धरोहर संरक्षण को पुनर्विकास योजना का आरंभ से ही अंग होना चाहिये।