- बुक्स एवं मैगज़ीन्स
- लॉग इन
- भाषा: Eng हिंदी
होम / करेंट अफेयर्स
आपराधिक कानून
पुलिस की “कोई अपराध नहीं” संबंधी रिपोर्ट के बावजूद प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश देने से पूर्व मजिस्ट्रेट के लिये कारण अभिलिखित करना अनिवार्य है
« »23-Nov-2026
|
एडलवाइस एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड बनाम राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली राज्य एवं अन्य "जो आदेश पुलिस के निष्कर्ष को मात्र निराधार एवं स्वेच्छाचारी कथन (Ipse Dixit) के आधार पर अस्वीकार करता है, उसकी परीक्षा नहीं की जा सकती।" न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संदीप मेहता |
स्रोत: उच्चतम न्यायालय
चर्चा में क्यों?
न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की पीठ ने एडलवाइस एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड बनाम राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली राज्य एवं अन्य (2026) के मामले में निर्णय दिया। न्यायालय ने आर्थिक अपराध शाखा (EOW), दिल्ली द्वारा L&T फाइनेंस लिमिटेड और एडलवाइस एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड (EARC) के विरुद्ध दर्ज FIR को रद्द कर दिया।
न्यायालय ने यह भी कहा:
- जो मजिस्ट्रेट इस पुलिस रिपोर्ट को स्वीकार नहीं करता कि कोई संज्ञेय अपराध नहीं बनता, उसे धारा 156(3) दण्ड प्रक्रिया संहिता (अब धारा 175(3) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता) के अंतर्गत FIR दर्ज करने का निदेश देने से पूर्व कारण अभिलिखित करने होंगे।
- कारण विस्तृत होना आवश्यक नहीं है, किंतु उनका होना आवश्यक है और वे अभिलेख पर उपलब्ध सामग्री से संबंधित होने चाहिये।
- जहाँ विवाद मुख्यतः सिविल प्रकृति का हो और आपराधिकता का कोई ठोस तत्त्व न हो, वहाँ आपराधिक कार्यवाही को जारी रहने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
एडलवाइस एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड बनाम राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली राज्य (2026) के मामले की पृष्ठभूमि क्या थी?
परिवाद:
- भूस्वामियों के एक समूह ने दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) से एक डेवलपर और उसके ऋणदाताओं के विरुद्ध परिवाद किया।
- उन्होंने छल, आपराधिक न्यासभंग और आपराधिक षड्यंत्र का आरोप लगाया।
- आरोपित अपराध भारतीय दण्ड संहिता, 1860 की धाराओं 406, 409, 420 और 120ख (अब भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धाराएँ 316(2), 316(5), 318(4) और 61(2)) के अंतर्गत थे।
पुलिस द्वारा परिवाद का निस्तारण:
- प्रारंभिक जांच के पश्चात, आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने यह निष्कर्ष निकालते हुए परिवाद को बंद कर दिया कि कोई संज्ञेय अपराध कारित होना प्रकट नहीं होता है।
मजिस्ट्रेट के समक्ष कार्यवाही:
- तत्पश्चात, भू-स्वामियों ने दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 156(3) के अधीन मजिस्ट्रेट के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया।
- मजिस्ट्रेट के समक्ष कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) दाखिल की गई, जिसमें पुनः यह कहा गया कि कोई संज्ञेय अपराध नहीं बनता।
- इसके बावजूद, मजिस्ट्रेट ने प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज करने का निदेश दिया।
उच्च न्यायालय के समक्ष कार्यवाही:
- ऋणदाताओं ने प्रथम सूचना रिपोर्ट को रद्द किये जाने की मांग करते हुए उच्च न्यायालय के समक्ष याचिका दायर की।
- उच्च न्यायालय ने प्रथम सूचना रिपोर्ट को अपास्त करने से इंकार कर दिया तथा यह अभिनिर्धारित किया कि कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) से असहमति के कारणों को अभिलिखित करना केवल वांछनीय था, अनिवार्य नहीं।
उच्चतम न्यायालय के समक्ष कार्यवाही:
- उच्च न्यायालय के इंकार से व्यथित होकर अपीलार्थियों ने उच्चतम न्यायालय का रुख किया।
उच्चतम न्यायालय के समक्ष प्रश्न:
- जब पुलिस ने रिपोर्ट दी हो कि कोई संज्ञेय अपराध नहीं बनता, तब क्या मजिस्ट्रेट के लिये दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 156(3) के अंतर्गत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने का निदेश देने से पूर्व कारण अभिलिखित करना आवश्यक है?
न्यायालय की टिप्पणियां क्या थीं?
कार्रवाई रिपोर्ट की प्रकृति के संबंध में:
- कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 173 (अब भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 193) के अंतर्गत रिपोर्ट नहीं है और मजिस्ट्रेट पर बाध्यकारी नहीं है।
- यह मात्र औपचारिकता भी नहीं है। यह मजिस्ट्रेट को बताती है कि पुलिस ने परिवादकर्त्ता की सूचना पर क्या किया और क्या किसी प्रारंभिक जांच के बाद उन्हें कोई संज्ञेय अपराध मिला।
प्रारंभिक जांच के संबंध में:
- न्यायालय ने ललिता कुमारी बनाम उत्तर प्रदेश सरकार (2014) का उल्लेख किया।
- वाणिज्यिक अपराध और असामान्य विलंब के मामले ऐसी श्रेणियाँ हैं जिनमें प्रारंभिक जांच अनुज्ञेय है।
- वर्तमान मामला दोनों श्रेणियों में आता था।
कारण देने के कर्त्तव्य के संबंध में:
- यदि मजिस्ट्रेट ने रिपोर्ट मँगाई है, तो उसे उस पर न्यायिक विवेक का प्रयोग करना होगा और आदेश से यह स्पष्ट होना चाहिये कि उसे स्वीकार क्यों नहीं किया गया।
- कारण देने का कर्त्तव्य तब सर्वोच्च होता है जब कोई न्यायिक प्राधिकारी अन्वेषण एजेंसी द्वारा एकत्र की गई सामग्री के विपरीत निष्कर्ष पर पहुँचता है, और जहाँ आदेश से संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आपराधिक अन्वेषण प्रारंभ होगा।
- कारण विस्तृत होना आवश्यक नहीं है, किंतु उनका होना और सामग्री से संबंधित होना आवश्यक है।
- न्यायालय ने उच्च न्यायालय से असहमति जताई कि ऐसे कारण केवल वांछनीय हैं। पुलिस के निष्कर्ष को मात्र निराधार एवं स्वेच्छाचारी कथन (Ipse Dixit) के आधार पर अस्वीकार करने वाले आदेश की परीक्षा नहीं की जा सकती और वह वस्तुतः विवेक का प्रयोग किये बिना पारित आदेश है।
दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 156(3) के अंतर्गत शक्ति की प्रकृति के संबंध में:
- धारा 156(3) में "may" (सकता है) शब्द विवेकाधिकार का द्योतक है, कर्त्तव्य का नहीं।
- वह विवेकाधिकार न्यायिक विवेक के प्रयोग का परिणाम होना चाहिये।
- मजिस्ट्रेट अन्वेषण का निदेश दे सकता है, संज्ञान लेकर कार्यवाही कर सकता है, या यदि कोई अपराध नहीं बनता तो अस्वीकार कर सकता है।
दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 156(3) का प्रयोग करने में सावधानी के संबंध में:
- मकसूद सैयद बनाम गुजरात राज्य (2008) और प्रियंका श्रीवास्तव बनाम उत्तर प्रदेश राज्य (2015) पर विश्वास करते हुए न्यायालय ने धारा 156(3) के नियमित रूप से प्रयोग के प्रति सावधान किया।
- जहाँ इसका प्रयोग वित्तीय आस्तियों का प्रतिभूतिकरण एवं पुनर्गठन तथा प्रतिभूति हित का प्रवर्तन अधिनियम (SARFAESI Act) के अंतर्गत आने वाली किसी वित्तीय संस्था के विरुद्ध किया जाए, वहाँ अधिक सावधानी, सतर्कता और सूझबूझ आवश्यक है।
- न्यायालय ने नुराग भटनागर बनाम राज्य (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली) का भी उल्लेख किया, जो पुष्टि करता है कि इस शक्ति के प्रयोग में तर्कसंगत आदेश निहित है।
वर्तमान मामले में मजिस्ट्रेट के आदेश के संबंध में:
- मजिस्ट्रेट के आदेश के पैराग्राफ 6 में केवल "बिल्डरों और डेवलपरों" का उल्लेख था और L&T फाइनेंस या EARC की भूमिका के बारे में कुछ नहीं कहा गया था।
- उच्च न्यायालय वे कारण नहीं जोड़ सकता था जो मजिस्ट्रेट ने अभिलिखित नहीं किये थे।
- मजिस्ट्रेट द्वारा आरोपों का सारांश केवल परिवादकर्त्ताओं के पक्ष को दोहराता था।
- कई अभियुक्तों के विरुद्ध FIR का निदेश देने के प्रक्रम पर, मजिस्ट्रेट को प्रत्येक अभियुक्त की भूमिका का सूक्ष्म विश्लेषण करने की आवश्यकता नहीं है।
- यद्यपि आदेश धारा 156(3) की अपेक्षाओं को पूरा नहीं करता था, न्यायालय ने बाद की कार्यवाहियों की वैधता पर निर्णय नहीं दिया, क्योंकि इससे उन अभियुक्तों पर प्रभाव पड़ेगा जो उसके समक्ष नहीं थे।
विलंब के संबंध में:
- संव्यवहार 2016–2019 के थे, परंतु परिवाद केवल 2022 में दर्ज किया था, जब आर्थिक अपराध शाखा (EOW) उसे बंद कर चुका था और वित्तीय आस्तियों का प्रतिभूतिकरण एवं पुनर्गठन तथा प्रतिभूति हित का प्रवर्तन (SARFAESI) प्रवर्तन कार्यवाही शुरू हो चुकी थी।
- केवल विलंब रद्द करने का आधार नहीं हो सकता।
- अस्पष्टीकृत विलंब तब सुसंगत हो जाता है जब आरोप मुख्यतः सिविल प्रकृति के हों।
समानांतर सिविल उपचारों के संबंध में:
- एस.एन. विजयलक्ष्मी बनाम कर्नाटक राज्य के मामले पर विश्वास करते हुए न्यायालय ने कहा कि सिविल उपचारों का अस्तित्व अपने आप में कार्यवाही रद्द करने का औचित्य नहीं हो सकता।
- तथापि, जहाँ आपराधिकता का कोई ठोस तत्त्व न हो, वहाँ आपराधिक कार्यवाही जारी रखने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
विवाद की प्रकृति के सबंध में:
- विवाद भूस्वामियों और उनके डेवलपर के बीच वाणिज्यिक प्रकृति का था।
- ऋणदाताओं को इसलिये फँसाया गया जिससे उन पर परिवादकर्त्ताओं की मौद्रिक माँगों को निपटाने का दबाव बनाया जा सके।
निर्णय:
- अपील मंजूर की गई।
- अपीलार्थियों, L&T फाइनेंस लिमिटेड और EARC, के विरुद्ध FIR रद्द कर दी गई।
- न्यायालय ने कहा कि अपीलार्थियों के विरुद्ध FIR को जारी रखना न्यायालय की प्रक्रिया का दुरुपयोग है।
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 175(3) क्या है?
अर्थ:
- भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 175(3) (पूर्व में दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 156(3)) मजिस्ट्रेट को यह अधिकार देती है कि वह पुलिस को संज्ञेय अपराध का अन्वेषण करने का आदेश दे।
- इसका प्रयोग तब किया जाता है जब पुलिस किसी व्यक्ति द्वारा दी गई सूचना पर प्रथम साउचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज करने से इंकार करती है या दर्ज करने में असफल रहती है।
अन्वेषण का आदेश कौन दे सकता है:
- भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 210 (पूर्व में दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 190) के अंतर्गत संज्ञान लेने के लिये सशक्त कोई भी मजिस्ट्रेट ऐसे अन्वेषण का आदेश दे सकता है।
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के अंतर्गत शर्तें (नए रक्षोपाय):
- आवेदन शपथ-पत्र द्वारा समर्थित होना चाहिये।
- आवेदक ने पहले भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 173(4) के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक से संपर्क किया हो।
- मजिस्ट्रेट ऐसी जांच कर सकता है जो वह आवश्यक समझे।
- मजिस्ट्रेट को पुलिस अधिकारी द्वारा किये गए निवेदन पर विचार करना होगा।
लोक सेवकों के विरुद्ध शिकायतें (भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 175(4)):
- जहाँ परिवाद किसी लोक सेवक के विरुद्ध उसके पदीय कर्त्तव्यों के निर्वहन में उत्पन्न कृत्यों के संबंध में हो, वहाँ मजिस्ट्रेट केवल निम्नलिखित के बाद ही अन्वेषण का आदेश दे सकता है:
- उस लोक सेवक के वरिष्ठ अधिकारी से रिपोर्ट प्राप्त करने के बाद; और
- घटना के बारे में लोक सेवक के कथनों पर विचार करने के बाद।
शक्ति की प्रकृति के संबंध में:
- यह शक्ति विवेकाधीन है, जैसा कि "may" (सकता है) शब्द से स्पष्ट है।
- इसका प्रयोग न्यायिक रूप से, विवेक का प्रयोग करते हुए किया जाना चाहिये, यंत्रवत् नहीं।