9 मार्च से शुरू हो रहे हमारे ऑल-इन-वन ज्यूडिशियरी फाउंडेशन कोर्स के साथ अपनी ज्यूडिशियरी की तैयारी को मजबूत बनाएं | यह कोर्स अंग्रेज़ी और हिंदी दोनों माध्यमों में उपलब्ध है।   |   आज ही हमारे ज्यूडिशियरी फाउंडेशन कोर्स में एडमिशन लें और अपनी तैयारी को और बेहतर बनाएँ | हिंदी माध्यम बैच: 9 मार्च, सुबह 8 बजे   |   आज ही एडमिशन लें बिहार APO (प्रिलिम्स + मेन्स) कोर्स में और अपने सपनों को दे नई दिशा | ऑफलाइन एवं ऑनलाइन मोड में उपलब्ध | 12 जनवरी 2026  से कक्षाएँ आरंभ   |   ज्यूडिशियरी की तैयारी अब हिंदी माध्यम में! दृष्टि ज्यूडिशियरी का नया बैच 22 जून 2026 से शुरू | आज ही एडमिशन लें | ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों मोड में उपलब्ध |   |   एडमिशन ओपन: UP APO प्रिलिम्स + मेंस कोर्स 2025, बैच 6th October से   |   ज्यूडिशियरी फाउंडेशन कोर्स (प्रयागराज)   |   अपनी सीट आज ही कन्फर्म करें - UP APO प्रिलिम्स कोर्स 2025, बैच 6th October से







होम / करेंट अफेयर्स

वाणिज्यिक विधि

नीलामी में भाग न लेने वाले व्यक्ति को बाद में अधिक बोली प्रस्तुत करके नीलामी में संपत्ति प्राप्त करने का दावा करने का कोई अधिकार (Locus Standi) नहीं है

    «
 23-Nov-2026

मेसर्स कालिंदी एसोसिएट्स बनाम मेसर्स भारत कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड एवं अन्य  

"प्रत्यर्थी संख्या 2 एक बाहरी व्यक्ति है और नीलामी से व्यथित व्यक्ति नहीं है…" 

न्यायमूर्ति बी.वी. नागरत्ना और न्यायमूर्ति आर. महादेवन 

स्रोत: उच्चतम न्यायालय 

चर्चा में क्यों? 

न्यायमूर्ति बी.वी. नागरत्ना और न्यायमूर्ति आर. महादेवन की पीठ ने मेसर्स कालिंदी एसोसिएट्स बनाम मेसर्स भारत कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड एवं अन्य (2026) के मामले में निर्णय दिया। न्यायालय ने मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय (इंदौर) की खंडपीठ के उस आदेश को अपास्त कर दिया, जिसमें एक गैर-भागीदार के आवेदन को कंपनी न्यायाधीश के पास प्रतिप्रेषित किया गया था। 

न्यायालय ने यह भी कहा: 

  • नीलामी में भाग नहीं लेने वाला व्यक्ति उस नीलामी के संदर्भ में बाहरी व्यक्ति (Stranger) की स्थिति रखता है। 
  • बाद के चरण में अधिक मूल्य की बोली प्रस्तुत करने मात्र से ऐसे व्यक्ति को अपने पक्ष में बोली की पुष्टि की मांग करने का कोई अधिकार अथवा वाद प्रस्तुत करने की विधिक हैसियत (Locus Standi) प्राप्त नहीं होती है। 
  • जब तक नीलामी में कोई तात्त्विक अनियमितता, अवैधता, कपट अथवा दुरभिसंधि  न हो, तब तक उच्चतम बोलीदाता के पक्ष में संपन्न विधिमान्य नीलामी को किसी तृतीय पक्ष द्वारा प्रस्तुत उच्चतर प्रस्ताव के आधार पर अपास्त नहीं किया जा सकता। 

मेसर्स कालिंदी एसोसिएट्स बनाम मेसर्स भारत कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड (2026) के मामले की पृष्ठभूमि क्या थी? 

नीलामी: 

  • प्रत्यर्थी कंपनी परिसमापन में थी। 
  • 2025 में आयोजित एक ई-नीलामी में, अपीलार्थी 29 करोड़ रुपए के आरक्षित मूल्य के मुकाबले 31 करोड़ रुपए की बोली के साथ उच्चतम बोलीदाता के रूप में उभरा। 

तृतीय-पक्षकार का प्रस्ताव: 

  • एक तृतीय पक्षकार ने बाद में 35 करोड़ रुपए का प्रस्ताव दिया। 
  • वह प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया गया और अपीलार्थी से पूछा गया कि क्या वह अपनी बोली उस राशि तक बढ़ाएगा। 
  • अपीलार्थी ने सहमति दी और अपनी बोली बढ़ाकर 35 करोड़ रुपए कर दी। 

प्रत्यर्थी संख्या 2 द्वारा आवेदन: 

  • प्रत्यर्थी संख्या 2 ने, जिसने नीलामी में भाग नहीं लिया था, भाग लेने की मांग करते हुए 42.25 करोड़ रुपए का प्रस्ताव देकर I.A. संख्या 170/2026 दायर किया। 
  • कंपनी न्यायाधीश ने आवेदन खारिज कर दिया और अपीलार्थी की बढ़ाई गई 35 करोड़ रुपए की बोली स्वीकार कर ली। 

खंडपीठ के समक्ष कार्यवाही: 

  • अपील में खंडपीठ ने आवेदन को नए सिरे से विचार के लिये कंपनी न्यायाधीश के पास प्रतिप्रेषित कर दिया। 
  • उसने आधिकारिक परिसमापक को निदेश दिया कि इस बीच विक्रय विलेख निष्पादित न करे। 
  • उसने उन पूर्व-निर्णयों पर विश्वास किया जिनमें कहा गया था कि विक्रय प्रमाणपत्र जारी होने के बाद भी तृतीय पक्षकारों के उच्चतर प्रस्तावों पर विचार किया जा सकता है। 
  • एक पुनर्विलोकन याचिका दायर की गई और खारिज कर दी गई। 

उच्चतम न्यायालय के समक्ष कार्यवाही: 

  • इसके बाद अपीलार्थी ने उच्चतम न्यायालय का रुख किया। 

उच्चतम न्यायालय के समक्ष प्रश्न: 

  • क्या नीलामी में भाग न लेने वाला व्यक्ति बाद के चरण में उच्चतर प्रस्ताव देकर बोली की पुष्टि अपने पक्ष में करने की मांग कर सकता है? 

न्यायालय की टिप्पणियां क्या थीं? 

प्रत्यर्थी संख्या 2 की वाद प्रस्तुत करने की विधिक हैसियत (Locus Standi) के संबंध में: 

  • प्रत्यर्थी संख्या 2 ने न तो नीलामी में भाग लिया था और न ही नीलामी की तिथि को कोई बोली प्रस्तुत की थी।  
  • वह बाहरी व्यक्ति (Stranger) था, न कि ऐसा व्यक्ति जो उस नीलामी से व्यथित हो, जिसमें अपीलार्थी को उच्चतम बोलीदाता घोषित किया गया था। 
  • अतः वह अंतरिम आवेदन (I.A.) संख्या 170/2026 प्रस्तुत करके परिसमापन कार्यवाही में हस्तक्षेप नहीं कर सकता था। 
  • आवेदन अत्यंत अटकलबाज़ी पर आधारित था और बिना किसी विधिक हैसियत (Locus Standi) के प्रस्तुत किया गया था। 

खंडपीठ की त्रुटि के संबंध में:   

  • कंपनी न्यायाधीश ने उक्त आवेदन पर विचार करने से उचित रूप से इंकार किया था। 
  • खंडपीठ इस तथ्य पर ध्यान देने में विफल रही कि प्रत्यर्थी संख्या 2 को वाद प्रस्तुत करने की कोई विधिक हैसियत (Locus Standi) प्राप्त नहीं थी तथा मामले को प्रतिप्रेषित करने का उसका निर्णय त्रुटिपूर्ण था। 

आवेदकों की श्रेणियों के संबंध में:  

  • न्यायालय ने जसभाई मोतीभाई देसाई बनाम रोशन कुमार, हाजी बशीर अहमद (1976) पर विश्वास किया। 
  • कोई आवेदक तीन श्रेणियों में से एक में आता है: व्यथित व्यक्ति, बाहरी व्यक्ति, या अनावश्यक हस्तक्षेपकर्ता अथवा हस्तक्षेप करने वाला व्यक्ति।  
  • व्यथित व्यक्ति और बाहरी व्यक्ति के बीच अंतर निर्धारित करने के लिये निम्नलिखित कसौटियाँ लागू होती हैं:  
    • क्या आवेदक के विधिक अधिकार का उल्लंघन हुआ है; और 
    • क्या आवेदक को आम जनता द्वारा अनुभव की गई क्षति से परे कोई विशिष्ट एवं सारवान् शिकायत या क्षति हुई है। 

तृतीय-पक्ष के प्रस्तावों पर नीलामी अपास्त करने के संबंध में: 

  • न्यायालय ने गोल्डन फूड प्रोडक्ट्स इंडिया बनाम उत्तर प्रदेश राज्य पर विश्वास किया, जिसमें के. कुमारा गुप्ता बनाम श्री मार्कण्डेय एवं श्री ओंकारेश्वर स्वामी मंदिर (2022) का उल्लेख किया गया था।   
  • तात्त्विक अनियमितता, अवैधता, कपट या दुरभिसंधि के अभाव में, उच्चतम बोलीदाता के पक्ष में की गई नीलामी को ऐसे तृतीय पक्ष के अभ्यावेदन पर अपास्त नहीं किया जा सकता जिसने न तो भाग लिया और न ही कोई प्रस्ताव दिया। 
  • बार-बार हस्तक्षेप सार्वजनिक नीलामी के उद्देश्य और उसकी पवित्रता को विफल कर देगा। 

उच्चतर मूल्य की अपेक्षा के संबंध में: 

  • न्यायालय ने ईवा एग्रो फीड्स (प्रा.) लिमिटेड बनाम पंजाब नेशनल बैंक (2023) पर विश्वास किया।  
  • उच्चतर मूल्य की मात्र अपेक्षा किसी वैध नीलामी को रद्द करने का उचित आधार नहीं है। 
  • इस आधार पर रद्द करने से परिहार्य व्यय होगा और नीलामी प्रक्रिया की विश्वसनीयता क्षीण होगी। 
  • नीलामी करने वाले प्राधिकारी द्वारा उच्चतर बोली की अपेक्षा किया जाना उच्चतम बोली को अस्वीकार करने का कारण नहीं है। 

निर्णय 

  • अपीलें स्वीकार की गईं। 
  • खंडपीठ का आक्षेपित आदेश अपास्त कर दिया गया। 
  • प्रत्यर्थी संख्या 2 द्वारा प्रस्तुत अंतरिम आवेदन (I.A.) संख्या 170/2026 खारिज कर दिया गया। 
  • न्यायालय ने उल्लेख किया कि अपीलार्थी पहले ही 35 करोड़ रुपए जमा कर चुका है, जिसे शासकीय परिसमापक के अधिवक्ता ने स्वीकार किया। 
  • शासकीय परिसमापक को निदेश दिया गया कि विक्रय विलेख के रजिस्ट्रीकरण सहित सभी विधिक औपचारिकताएँ पूरी होने के तुरंत बाद भूमि का कब्ज़ा अपीलार्थी को सौंप दे। 

वाद प्रस्तुत करने की विधिक हैसियत (Locus Standi) क्या है? 

अर्थ: 

  • वाद प्रस्तुत करने की विधिक हैसियत (Locus Standi) से तात्पर्य किसी व्यक्ति के उस अधिकार से है, जिसके आधार पर वह न्यायालय अथवा प्राधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष प्रस्तुत कर सकता है तथा सुना जा सकता है।  
  • किसी व्यक्ति के लिए यह दर्शाना आवश्यक है कि उसका कोई विधिक अधिकार प्रभावित हुआ है अथवा विवादित विषय में उसका पर्याप्त हित (Sufficient Interest) निहित है।  

आवेदकों की श्रेणियाँ (जसभाई मोतीभाई देसाई, 1976): 

  • व्यथित व्यक्ति: ऐसा व्यक्ति जिसके विधिक अधिकार का उल्लंघन हुआ हो अथवा जिसे विधिक क्षति या शिकायत हुई हो। ऐसे व्यक्ति को वाद प्रस्तुत करने की विधिक हैसियत प्राप्त होती है।  
  • बाहरी व्यक्ति: वह जिसका कोई विधिक अधिकार प्रभावित नहीं हुआ हो और जिसका जनता के हित से परे कोई विशेष हित न हो। न्यायालय के पास विवेकाधिकार होता है, किंतु सामान्यतः वह ऐसे व्यक्ति को नहीं सुनता। 
  • अनावश्यक हस्तक्षेपकर्ता अथवा हस्तक्षेप करने वाला व्यक्ति: ऐसा व्यक्ति जो ऐसे मामलों में हस्तक्षेप करता है, जिनसे उसका कोई सरोकार नहीं होता तथा जो प्रायः गुप्त अथवा अनुचित उद्देश्यों से ऐसा करता है। ऐसे व्यक्ति के आवेदन को अस्वीकार किया जाना चाहिये।  

"व्यथित व्यक्ति" निर्धारित करने की कसौटियाँ:  

  • क्या आवेदक के विधिक अधिकार का उल्लंघन हुआ है।  
  • क्या आवेदक की ऐसी विशिष्ट और सारवान् शिकायत है जो आम जनता से परे है। 
  • क्या आवेदक शिकायत की गई कार्रवाई से प्रतिकूल रूप से प्रभावित है। 

नीलामी संबंधी मामलों में वाद प्रस्तुत करने की विधिक हैसियत: 

  • सामान्यतः केवल वे व्यक्ति, जिन्होंने नीलामी में भाग लिया हो अथवा जिनके विधिक अधिकार नीलामी से प्रभावित हुए हों, उसे चुनौती दे सकते हैं। 
  • नीलामी में भाग नहीं लेने वाला व्यक्ति बाद में उच्चतर मूल्य की बोली प्रस्तुत मात्र करके संपन्न एवं अंतिम नीलामी को पुनः चुनौती नहीं दे सकता।  

सार्वजनिक नीलामी को नियंत्रित करने वाले सिद्धांत क्या हैं?  

सार्वजनिक नीलामी का उद्देश्य: 

  • निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के माध्यम से सर्वोत्तम संभव मूल्य प्राप्त करना। 
  • सभी पात्र बोलीदाताओं को समान अवसर देना। 

पुष्ट की गई नीलामी को अपास्त करने के आधार: 

  • नीलामी के संचालन में तात्त्विक अनियमितता। 
  • अवैधता। 
  • कपट। 
  • दुरभिसंधि। 

अपर्याप्त आधार: 

  • ऐसे तृतीय पक्ष द्वारा बाद के चरण में उच्चतर प्रस्ताव प्रस्तुत करना, जिसने नीलामी में भाग नहीं लिया हो।  
  • नीलामी प्राधिकारी द्वारा मात्र उच्चतर मूल्य प्राप्त होने की अपेक्षा रखना। 

पवित्रता और अंतिमता:  

  • संपन्न एवं अंतिम नीलामियों में बार-बार हस्तक्षेप किये जाने से नीलामी प्रक्रिया के प्रति जनता का विश्वास कमजोर होता है। 
  • इससे वास्तविक एवं सद्भावनापूर्ण बोलीदाता हतोत्साहित होते हैं तथा अनावश्यक व्यय एवं विलंब उत्पन्न होता है।