- बुक्स एवं मैगज़ीन्स
- लॉग इन
- भाषा: Eng हिंदी
होम / करेंट अफेयर्स
आपराधिक कानून
अभियुक्त के आपराधिक पूर्ववृत्त होने की स्थिति में विचारण में विलंब जमानत प्रदान करने का आधार नहीं है
«24-Nov-2026
|
चंदर पाल बनाम राहुल उर्फ विक्रम एवं अन्य “आपराधिक पूर्ववृत्त और पूर्व दोषसिद्धि वाले किसी अपराधी को केवल त्वरित विचारण के अपने अधिकार के बल पर जमानत पर छोड़ा नहीं जा सकता।” न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा एवं न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर |
स्रोत: उच्चतम न्यायालय
चर्चा में क्यों?
न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर की पीठ ने चंदर पाल बनाम राहुल उर्फ विक्रम एवं अन्य (2026) के मामले में निर्णय दिया। न्यायालय ने पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय द्वारा हत्या के एक मामले में पारित जमानत आदेश को अपास्त कर दिया।
न्यायालय ने निर्णय दिया कि:
- आपराधिक पूर्ववृत्त और पूर्व दोषसिद्धि वाले अभियुक्त को केवल त्वरित विचारण के अधिकार के कारण जमानत पर छोड़ा नहीं जा सकता।
- न्यायालयों को अभियुक्त के त्वरित विचारण के अधिकार और समाज के हित के बीच संतुलन स्थापित करना होगा।
- यह तब और अधिक बल के साथ लागू होता है जब अभियुक्त ने उच्च न्यायालय के समक्ष गलत कथन करके जमानत प्राप्त की हो।
चंदर पाल बनाम राहुल उर्फ विक्रम (2026) के मामले की पृष्ठभूमि क्या थी?
अपराध और जमानत:
- अभियुक्त राहुल उर्फ विक्रम (प्रत्यर्थी सं. 1) परिवादी के पुत्र की हत्या के लिये विचारण का सामना कर रहा था।
- वह लगभग पाँच वर्ष अभिरक्षा में रहा था और विचारण में बहुत कम प्रगति हुई थी।
- पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने उसे केवल विचारण में विलंब के आधार पर जमानत दे दी।
अपील:
- परिवादी चंदर पाल ने जमानत आदेश को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी।
- उसने तर्क दिया कि अभियुक्त ने अपना आपराधिक पूर्ववृत्त उच्च न्यायालय से छिपाया था।
- उसने यह भी तर्क दिया कि अभियुक्त ने उसी मृतक पुत्र पर पूर्व में किये गए हमले के लिये भारतीय दण्ड संहिता, 1860 की धारा 307 (हत्या का प्रयत्न) के अंतर्गत अपनी दोषसिद्धि को छिपाया था।
- उसने यह तर्क रखा कि इन तथ्यों को छिपाकर केवल विलंब के आधार पर दी गई जमानत विधि की दृष्टि से अनुचित थी।
उच्चतम न्यायालय के समक्ष प्रश्न:
- क्या आपराधिक पूर्ववृत्त और पूर्व दोषसिद्धि वाले अभियुक्त को केवल विचारण में विलंब के आधार पर जमानत दी जा सकती है?
न्यायालय की क्या टिप्पणियां थीं?
त्वरित विचारण के अधिकार पर:
- न्यायालय ने कहा कि यदि न्यायालय अभियुक्त के पूर्ववृत्त और पूर्व दोषसिद्धि की अनदेखी करता है, तो केवल विचारण में विलंब जमानत को उचित नहीं ठहरा सकता।
- त्वरित विचारण के अधिकार और समाज के हित के बीच संतुलन स्थापित करना न्यायालय का कर्त्तव्य है।
पूर्ववृत्त और तथ्यों के छिपाव पर:
- न्यायालय ने परिवादी के तर्क को स्वीकार किया।
- न्यायालय ने उल्लेख किया कि अभियुक्त का पूर्ववृत्त था और एक अन्य गंभीर अपराध, हत्या के प्रयत्न, में उसकी दोषसिद्धि कायम रही थी।
- न्यायालय ने यह भी उल्लेख किया कि जमानत आदेश उच्च न्यायालय के समक्ष इन महत्त्वपूर्ण तथ्यों को छिपाकर और गलत कथन करके प्राप्त किया गया था।
उच्च न्यायालय के आदेश पर:
- न्यायालय ने कहा कि यह स्पष्ट है कि उच्च न्यायालय को विचारण लंबित रहने के दौरान अभियुक्त को जमानत पर छोड़ा नहीं जाना चाहिये था।
निर्णय
- अपील मंजूर की गई।
- उच्च न्यायालय का जमानत आदेश अपास्त किया गया और जमानत रद्द कर दी गई।
- अभियुक्त को आत्मसमर्पण करने का निदेश दिया गया।
जमानत और त्वरित विचारण का अधिकार क्या है?
अर्थ:
- जमानत अन्वेषण या विचारण के दौरान अभियुक्त की अभिरक्षा से सशर्त रिहाई है, जो प्रतिभूति या आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने के वचन पर दी जाती है।
- मार्गदर्शक सिद्धांत यह है कि “जमानत नियम है और जेल अपवाद”, किंतु अजमानतीय अपराधों में न्यायालयों को विवेकाधिकार प्राप्त है।
सांविधानिक ढाँचा:
- भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 480 (पूर्व में दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 437): उच्च न्यायालय या सेशन न्यायालय के अतिरिक्त अन्य न्यायालयों द्वारा अजमानतीय अपराधों में जमानत।
- भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 483 (पूर्व में दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 439): जमानत देने की उच्च न्यायालय और सेशन न्यायालय की विशेष शक्तियां।
- भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 483(3) (पूर्व में दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 439(2)): उच्च न्यायालय या सेशन न्यायालय जमानत पर छोड़े गए किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी का निदेश दे सकता है और उसे अभिरक्षा में सौंप सकता है, जिसका अर्थ जमानत को रद्द करना है।
त्वरित विचारण का अधिकार:
- त्वरित विचारण का अधिकार संविधान के अनुच्छेद 21 के अंतर्गत जीवन और दैहिक स्वतंत्रता के अधिकार का भाग है।
- हुसैनआरा खातून बनाम गृह सचिव, बिहार राज्य (1979) में उच्चतम न्यायालय ने त्वरित विचारण को अनुच्छेद 21 का एक अनिवार्य भाग माना।
- भारत संघ बनाम के.ए. नजीब (2021) के मामले में, उच्चतम न्यायालय ने अभिनिर्धारित किया कि दीर्घकालीन कारावास तथा विचारण में विलंब, यहाँ तक कि विधिविरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम (UAPA) जैसे कठोर अधिनियम के अंतर्गत भी, जमानत प्रदान किये जाने को न्यायोचित ठहरा सकते हैं।
जमानत देते समय विचारणीय कारक:
- प्रशांत कुमार सरकार बनाम आशीष चटर्जी (2010) के मामले में उच्चतम न्यायालय ने ऐसे कारकों की सूची दी जिन पर न्यायालयों को विचार करना चाहिये, जिनमें सम्मिलित हैं:
- क्या अभियुक्त के विरुद्ध प्रथम दृष्टया मामला बनता है;
- आरोप की प्रकृति और गंभीरता;
- दोषसिद्धि की स्थिति में दण्ड की कठोरता;
- अभियुक्त के फरार होने का जोखिम;
- अभियुक्त का चरित्र, आचरण और पूर्ववृत्त;
- अपराध की पुनरावृत्ति की संभावना;
- साक्षियों को प्रभावित किये जाने का जोखिम; तथा
- जमानत देने से न्याय के विफल होने का खतरा।
जमानत रद्द करने के आधार:
- अभियुक्त द्वारा दी गई स्वतंत्रता का दुरुपयोग, उदाहरण के लिए साक्ष्य से छेड़छाड़ करना या साक्षियों को धमकाना।
- जमानत आदेश में सुसंगत सामग्री की अनदेखी की गई हो या वह असुसंगत विचारों पर आधारित हो।
- जमानत तात्त्विक तथ्यों को छिपाकर या उन्हें गलत रूप में प्रस्तुत करके प्राप्त की गई हो, जैसा कि वर्तमान मामले में हुआ।