- बुक्स एवं मैगज़ीन्स
- लॉग इन
- भाषा: Eng हिंदी
होम / करेंट अफेयर्स
आपराधिक कानून
गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी गिरफ्तार व्यक्ति को दी जानी चाहिये
« »28-Aug-2026
केरल उच्च न्यायालय
चर्चा में क्यों?
डॉ. न्यायमूर्ति कौसर एडप्पागथ की पीठ ने मुहम्मद अशफाक सी. बनाम भारत संघ और संबंधित मामलों (2026) में यह अभिनिर्धारित किया कि अनुच्छेद 22(1) के अधीन सांविधानिक सुरक्षा उपाय - गिरफ्तारी के आधारों की सूचना - का पालन निकटतम मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रथम बार पेशी के प्रक्रम में किया जाना चाहिये, भले ही वह पेशी केवल पारगमन (ट्रांजिट) या ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के उद्देश्य से हो, और भले ही उस मजिस्ट्रेट के पास अपराध पर अधिकारिता न हो।
मुहम्मद अशफाक सी. बनाम भारत संघ (2026) के मामले की पृष्ठभूमि क्या थी?
- न्यायालय स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 (NDPS Act) के अधीन अपराधों के अभियुक्त व्यक्तियों द्वारा दायर जमानत आवेदनों के एक समूह पर विचार कर रहा था।
- याचिकाकर्त्ताओं को दिल्ली से उन सह-अभियुक्तों द्वारा दी गई सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें स्वयं केरल से गिरफ्तार किया गया था।
- याचिकाकर्त्ताओं को ट्रांजिट वारण्ट प्राप्त करने के लिये दिल्ली के पटियाला हाउस न्यायालय के मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, और उसके बाद उन्हें केरल लाया गया और सेशन न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
- याचिकाकर्त्ताओं ने इस आधार पर जमानत मांगी कि दिल्ली में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किये जाने से पहले, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 48 और संविधान के अनुच्छेद 22(1) के अधीन आवश्यक रूप से, गिरफ्तारी के कारणों की सूचना उनके रिश्तेदारों को विधिवत रूप से नहीं दी गई थी।
- अभियोजन पक्ष ने तर्क दिया कि गिरफ्तार किये गए व्यक्तियों और उनके रिश्तेदारों को पेशी से पहले गिरफ्तारी के कारणों के बारे में सूचित कर दिया गया था, और आगे यह तर्क दिया कि जहाँ गिरफ्तारी गिरफ्तार करने वाले अधिकारी के अधिकारिता से बाहर होती है, वहाँ इन प्रावधानों का तत्काल अनुपालन आवश्यक नहीं है।
न्यायालय की क्या टिप्पणियां थीं?
- अनुच्छेद 22(1) और अनुच्छेद 22(2) के बीच अंतर पर:
न्यायालय ने माना कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 47 और 48, जो अनुच्छेद 22(1) को प्रभावी बनाती हैं, को अनुच्छेद 22(2) के अनुरूप पढ़ा जाना चाहिये। अनुच्छेद 22(1) के प्रयोजन के लिये, मजिस्ट्रेट का अधिकारिता प्राप्त मजिस्ट्रेट होना आवश्यक नहीं है, जबकि अनुच्छेद 22(2) के लिये, पेशी निकटतम मजिस्ट्रेट के समक्ष होनी चाहिये। इसका कारण यह है कि प्रथम पेशी में गिरफ्तारी की वैधता की परीक्षा की जानी चाहिये, न कि जमानत के प्रश्न की। - अनुपालन किये जाने के प्रक्रम के संबंध में:
न्यायालय ने देखा कि अनुच्छेद 22(1) के अधीन जांच और संतुलन को निकटतम मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रथम बार पेश किये जाने के समय संतुष्ट किया जाना चाहिये - जिसके पास मामले पर अधिकारिता हो भी सकती है और नहीं भी - और अधिकारिता वाले मजिस्ट्रेट के समक्ष बाद में पेश किये जाने तक स्थगित नहीं किया जाना चाहिये। - ट्रांजिट रिमांड को पुलिस अभिरक्षा के रूप में देखना:
न्यायालय ने तर्क दिया कि ट्रांजिट रिमांड भी एक रिमांड ही है, जो पुलिस अभिरक्षा में सौंपने के समान है, और किसी व्यक्ति को गिरफ्तारी को वैध ठहराए बिना पुलिस अभिरक्षा में नहीं सौंपा जा सकता। न्यायालय ने कहा कि इस प्रक्रम पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 48 को लागू न मानना अनुच्छेद 22 को ही कमजोर कर देगा। - याचिकाकर्त्ताओं के मामलों पर:
न्यायालय ने पाया कि दो याचिकाकर्त्ताओं के संबंध में, उनके रिश्तेदारों को दिल्ली में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किये जाने के बाद ही गिरफ्तारी के कारणों की सूचना दी गई थी, जिससे उनकी गिरफ्तारी अमान्य हो गई। समय को लेकर तथ्यात्मक विवाद से जुड़े तीसरे मामले में, अभियोजन पक्ष अपने पक्ष के समर्थन में कोई ठोस सबूत पेश करने में विफल रहा, और न्यायालय ने याचिकाकर्त्ता के इस दावे को स्वीकार कर लिया कि उसके पिता को गिरफ्तारी के कारणों की सूचना देने में 13 घंटे की देरी हुई थी, और यह भी विधिक आवश्यकता से कम पाया गया। - न्यायालय ने तदनुसार तीनों जमानत आवेदनों को मंजूर कर लिया और याचिकाकर्त्ताओं को शर्तों के अधीन जमानत पर छोड़ दिया।
भारत के संविधान का अनुच्छेद 22 क्या है?
- अनुच्छेद 22 मनमानी गिरफ्तारी और निरोध के विरुद्ध प्रक्रियात्मक सुरक्षा प्रदान करता है। अनुच्छेद 22(1) प्रत्याभूत करता है कि गिरफ्तार किये गए किसी भी व्यक्ति को यथाशीघ्र गिरफ्तारी के कारणों की सूचना दिये बिना निरुद्ध नहीं किया जाएगा, और उसे अपनी पसंद के विधिक सलाहकार से परामर्श करने और प्रतिरक्षा प्राप्त करने का अधिकार होगा।
- अनुच्छेद 22(2) के अनुसार प्रत्येक गिरफ्तार व्यक्ति को यात्रा समय को छोड़कर, गिरफ्तारी के 24 घंटे के भीतर निकटतम मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाना आवश्यक है।
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 47 और 48 क्या हैं?
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 47 (गिरफ्तार व्यक्ति को गिरफ्तारी के आधार और जमानत के अधिकार की सूचना दी जानी चाहिये) - पूर्ववर्ती धारा 50, दण्ड प्रक्रिया संहिता के अनुरूप है:
(1) प्रत्येक पुलिस अधिकारी या अन्य व्यक्ति जो बिना वारण्ट के किसी व्यक्ति को गिरफ्तार करता है, उसे तुरंत उस अपराध का पूरा विवरण या ऐसी गिरफ्तारी के अन्य आधारों की जानकारी देगा।
(2) जहाँ कोई पुलिस अधिकारी अजमानतीय अपराध के अभियुक्त व्यक्ति के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को बिना वारण्ट के गिरफ्तार करता है, तो वह गिरफ्तार व्यक्ति को सूचित करेगा कि वह जमानत पर छोड़े जाने का हकदार है और वह उसकी ओर से प्रतिभू की व्यवस्था कर सकता है।
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 48 (गिरफ्तारी करने वाले व्यक्ति का रिश्तेदार या मित्र को गिरफ्तारी आदि की सूचना देने का दायित्व) - पूर्ववर्ती धारा 50क, दण्ड प्रक्रिया संहिता के अनुरूप है:
(1) इस संहिता के अधीन कोई गिरफ्तारी करने वाला प्रत्येक पुलिस अधिकारी या अन्य व्यक्ति ऐसी गिरफ्तारी और उस स्थान के बारे में सूचना तुरंत उसके किसी रिश्तेदार, मित्र या ऐसे अन्य व्यक्तियों को देगा जिन्हें गिरफ्तार व्यक्ति द्वारा ऐसी सूचना देने के उद्देश्य से प्रकट या नामित किया गया हो और साथ ही जिले के नामित पुलिस अधिकारी को भी देगा।
(2) पुलिस अधिकारी गिरफ्तार व्यक्ति को पुलिस थाने लाए जाने के तुरंत बाद उपधारा (1) के अधीन उसके अधिकारों के बारे में सूचित करेगा।
(3) इस तथ्य की प्रविष्टि कि ऐसे व्यक्ति की गिरफ्तारी की सूचना किसे दी गई है, पुलिस थाने में रखी जाने वाली एक पुस्तक में ऐसे प्ररूप में की जाएगी जैसा कि राज्य सरकार नियमों द्वारा निर्धारित कर सकती है।
(4) जिस मजिस्ट्रेट के समक्ष ऐसे गिरफ्तार व्यक्ति को पेश किया जाता है, उसका यह कर्त्तव्य होगा कि वह स्वयं को संतुष्ट करे कि ऐसे गिरफ्तार व्यक्ति के संबंध में उपधारा (2) और उपधारा (3) की आवश्यकताओं का अनुपालन किया गया है।