- बुक्स एवं मैगज़ीन्स
- लॉग इन
- भाषा: Eng हिंदी
करेंट अफेयर्स और संग्रह
होम / करेंट अफेयर्स और संग्रह
सिविल कानून
प्रतिरक्षा का समुचित अवसर प्रदान किये बिना दिया गया विदेशी निर्णय भारत में प्रवर्तनीय नहीं है
22-Apr-2026
|
मेसर ग्रिशेम जी.एम.बी.एच. बनाम गोयल गैसेज प्राइवेट लिमिटेड "विचारणीय विवाद्यकों की उपस्थिति में दावे का संक्षिप्त निपटारा उचित नहीं ठहराया जा सकता है, हम यह अभिमत व्यक्त करने के लिए बाध्य हैं कि उक्त विदेशी निर्णय सिविल प्रक्रिया संहिता की धारा 13(ख) की अपेक्षाओं के प्रतिकूल है।" न्यायमूर्ति पी.एस. नरसिम्हा और न्यायमूर्ति आलोक आराधे |
स्रोत: उच्चतम न्यायालय
चर्चा में क्यों?
भारत के उच्चतम न्यायालय की न्यायमूर्ति पी.एस. नरसिम्हा और न्यायमूर्ति आलोक अराधे की पीठ ने मेसर ग्रीशाइम जी.एम.बी.एच. बनाम गोयल गैसेस प्राइवेट लिमिटेड (2026) के मामले में निर्णय दिया कि संक्षिप्त कार्यवाही में पारित विदेशी निर्णय - प्रतिवादी को प्रतिरक्षा का वास्तविक अवसर प्रदान किये बिना - सिविल प्रक्रिया संहिता, 1908 की धारा 13(ख) के अधीन भारत में लागू करने योग्य नहीं है।
- न्यायालय ने मेसर ग्रीशाइम जी.एम.बी.एच. (अब एयर लिक्विड डॉयचलैंड जी.एम.बी.एच.) द्वारा दायर सिविल अपील को खारिज कर दिया और गोयल गैसेस प्राइवेट लिमिटेड के विरुद्ध एक अंग्रेजी न्यायालय द्वारा पारित डिक्री को लागू करने से दिल्ली उच्च न्यायालय के इंकार को बरकरार रखा।
मेसर ग्रीशाइम जी.एम.बी.एच. बनाम गोयल एम.जी. गैसेस प्राइवेट लिमिटेड (2026) के मामले की पृष्ठभूमि क्या थी?
- औद्योगिक गैसों के निर्माण और व्यवसाय में एक संयुक्त उद्यम स्थापित करने के लिये विदेशी अपीलकर्त्ता और भारतीय प्रत्यर्थी के बीच 1995 में एक शेयर खरीद और सहयोग करार किया गया था।
- पश्चात्वर्ती प्रत्यर्थी ने अपीलकर्त्ता द्वारा प्रत्याभूत सिटीबैंक UK से एक बाहरी वाणिज्यिक उधार सुविधा का लाभ उठाया।
- प्रत्यर्थी द्वारा ऋण चुकाने में व्यतिक्रम होने पर, ऋणदाता ने प्रत्याभूति का सहारा लिया, और अपीलकर्त्ता ने लगभग 4.78 मिलियन अमेरिकी डॉलर की बकाया देनदारी का संदाय कर दिया।
- इसके बाद अपीलकर्त्ता ने अपने प्रतिस्थापन अधिकारों का हवाला देते हुए प्रत्यर्थी से प्रतिपूर्ति की मांग की और एक अंग्रेजी न्यायालय के समक्ष कार्यवाही शुरू की।
- अंग्रेजी न्यायालय ने शुरू में व्यतिकारी निर्णय पारित किया, जिसे बाद में अपास्त कर दिया गया; पश्चात्वर्ती, एक संक्षिप्त निर्णय जारी किया गया जिसमें प्रत्यर्थी को ब्याज और लागत के साथ दावा की गई राशि का संदाय करने का निदेश दिया गया।
- अपीलकर्त्ता ने भारत में विदेशी डिक्री को लागू कराने के लिये सिविल प्रक्रिया संहिता की धारा 44क के अधीन दिल्ली उच्च न्यायालय में निष्पादन कार्यवाही दायर की।
- दिल्ली उच्च न्यायालय ने प्रवर्तन से इंकार कर दिया, जिसके विरुद्ध वर्तमान अपील उच्चतम न्यायालय में दायर की गई थी।
न्यायालय की क्या टिप्पणियां थीं?
न्यायालय ने निम्नलिखित प्रमुख टिप्पणियां कीं:
प्रतिरक्षा का अवसर दिये बिना संक्षिप्त निर्णय देना प्राकृतिक न्याय का उल्लंघन है:
- जहाँ किसी विवाद में ऐसे तथ्य शामिल हों जिन पर गहन जांच की आवश्यकता हो, वहाँ संक्षिप्त अधिकारिता के माध्यम से मामले का निपटारा करने से समय से पहले निर्णय हो जाता है और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का उल्लंघन होता है।
- जब दावों को समकालीन दस्तावेज़ों द्वारा समर्थित किया जाता है और दोनों पक्षकारों द्वारा मौखिक और दस्तावेज़ी साक्ष्य प्रस्तुत किये जाने की संभावना होती है, तो न्यायालय को संक्षिप्त निर्णय की कार्यवाही से बचना चाहिये।
विचारणीय विवाद्यक प्रश्नों के कारण पूर्ण विचारण अनिवार्य था:
- प्रत्यर्थी ने बैलेंस शीट और बोर्ड बैठकों के कार्यवृत्त जैसे समकालीन दस्तावेज़ों द्वारा समर्थित प्रतिरक्षा प्रस्तुत की थी, जिनका सांविधिक महत्त्व था।
- इन दस्तावेज़ों से पता चलता है कि अपीलकर्त्ता द्वारा किये गए संदाय को वसूली योग्य दायित्त्व के बजाय दावों के विरुद्ध समायोजन के रूप में माना गया था - जिससे विचारणीय विवाद्यक सामने आए जिनके लिये पूर्ण विचारण की आवश्यकता है।
- साक्ष्य के रूप में संभावित महत्त्व वाली दस्तावेज़ी सामग्री की मौजूदगी यह इंगित करने के लिये पर्याप्त थी कि मामले का संक्षिप्त निपटारा नहीं किया जा सकता था।
धारा 13(ख) सिविल प्रक्रिया संहिता के अधीन विदेशी निर्णय अप्रवर्तनीय:
- मुकदमे के लिये विचारणीय विवाद्यकों की मौजूदगी में दावे का संक्षिप्त निपटारा करने से प्रत्यर्थी को अपना मामला साबित करने का सार्थक अवसर प्रभावी रूप से नहीं मिल पाया।
- अंग्रेजी न्यायालय द्वारा अपनाई गई प्रक्रिया को भारत और ब्रिटेन दोनों में लागू होनी वाली विधि के सुस्थापित सिद्धांतों के साथ असंगत माना गया।
- तदनुसार, विदेशी निर्णय को सिविल प्रक्रिया संहिता की धारा 13(ख) का उल्लंघन माना गया और इसे भारत में अप्रवर्तनीय घोषित कर दिया गया।
विदेशी मुद्रा विनियमन अधिनियम (FERA) के अधीन भारतीय रिज़र्व बैंक की अनुमति पर स्पष्टीकरण:
- यद्यपि विदेशी मुद्रा विनियमन अधिनियम (FERA) के अंतर्गत पूर्व अनुमति के बिना विधिक कार्यवाही प्रारंभ करने पर कोई निषेध नहीं है, तथापि विदेशी डिक्री के प्रवर्तन हेतु कोई भी कदम उठाने से पूर्व केंद्रीय सरकार अथवा भारतीय रिज़र्व बैंक की अनुमति प्राप्त करना आवश्यक है।
- इस निर्वचन को न्याय तक पहुँच और विदेशी मुद्रा संव्यवहार पर नियामक नियंत्रण के मूल्यों के बीच संतुलन बनाने के लिये अपनाया गया था।
सिविल प्रक्रिया संहिता, 1908 की धारा 13 क्या है?
- सिविल प्रक्रिया संहिता की धारा 13 में कहा गया है कि विदेशी निर्णय उसके द्वारा उन्हीं पक्षकारों के बीच या उसी हक के अधीन मुकदमा करने वाले ऐसे पक्षकारों के बीच, जिनसे व्युत्पन्न अधिकार के अधीन वे या उनमें से कोई दावा करते हैं. प्रत्यक्षतः न्यायनिर्णीत किसी विषय के बारे में वहाँ के सिवाय निश्चायक होगा, सिवाय—
- (क) जहाँ वह सक्षम अधिकारिता वाले न्यायालय द्वारा नहीं सुनाया गया है;
- (ख) जहाँ वह मामले के गुणागुण के आधार पर नहीं दिया गया है;
- (ग) जहाँ कार्यवाहियों के सकृत दर्शने स्पष्ट है कि वह अन्तर्राष्ट्रीय विधि के अशुद्ध बोध पर या भारत की विधि को उन मामलों में जिनको वह लागू है, मान्यता देने से इन्कार करने पर आधारित है;
- (घ) जहाँ वे कार्यवाहियां, जिनमें वह निर्णय अभिप्राप्त किया गया था, नैसर्गिक न्याय के विरुद्ध हैं;
- (ङ) जहाँ वह कपट द्वारा अभिप्राप्त किया गया है;
- (च) जहाँ वह भारत में प्रवृत्त किसी विधि के भंग पर आधारित दावे को ठीक ठहराता है।
- इस धारा में यह उपबंधित किया गया है कि उपर्युक्त छह खंडों को छोड़कर, कोई विदेशी निर्णय पूर्व-न्याय के रूप में कार्य कर सकता है।
- (क) सक्षम न्यायालय द्वारा नहीं दिया गया विदेशी निर्णय:
- किसी विदेशी न्यायालय का निर्णय पक्षकारों के बीच अंतिम रूप से निश्चायक होने के लिये, सक्षम अधिकारिता वाले न्यायालय द्वारा न्यायनिर्णीत होना आवश्यक है।
- एक सक्षम न्यायालय से तात्पर्य ऐसे न्यायालय से है जिसके पास पक्षकारों और विषय वस्तु पर अधिकारिता हो।
- निम्नलिखित मामलों में विदेशी देश के न्यायालय को अधिकारिता प्राप्त है:
- जहाँ मुकदमे की शुरुआत के समय प्रतिवादी उस देश में निवासी या उपस्थित था, जिससे उसे विधि का लाभ मिल सके और वह विधियों के संरक्षण में रहे।
- जहाँ प्रतिवादी वाद के निर्णय के समय उस देश का नागरिक या प्रजा हो।
- जहाँ किसी देश की न्यायालयों की अधिकारिता पर आपत्ति करने वाले पक्षकार ने अपने आचरण से ऐसे अधिकारिता को स्वीकार कर लिया हो,
- मुकदमे में वादी के रूप में पेश होना या प्रतिदावा करना, या
- ऐसे मुकदमे में स्वेच्छया से प्रतिवादी के रूप में उपस्थित होना, या
- स्पष्ट या अप्रत्यक्ष रूप से ऐसे न्यायालयों की अधिकारिता को स्वीकार करने की संविदा की गई हो।
- भारत निधि लिमिटेड बनाम मेघ राज महाजन (1964) के मामले में यह निर्णय दिया गया था कि किसी विदेशी निर्णय को भारतीय न्यायालय में पूर्व-न्याय के रूप में लागू होने के लिये केवल सक्षम अधिकारिता वाले विदेशी न्यायालय द्वारा ही पारित किया जाना चाहिये ।
- (ख) विदेशी निर्णय जो गुण-दोष पर आधारित न हो::
- विदेशी निर्णय को निश्चायक होने के लिये मामले की गुण-दोष पर आधारित होना चाहिये, अर्थात् इसमें मामले की सत्यता या असत्यता का पता लगाने के लिये न्यायालय द्वारा गहन विचार-विमर्श शामिल होना चाहिये।
- यह तय करने के लिये कि निर्णय गुण-दोष के आधार पर दिया गया है या नहीं, वास्तविक कसौटी यह देखना है कि क्या यह केवल एक सामान्य प्रक्रिया के रूप में पारित किया गया था, या प्रतिवादी के किसी आचरण के दण्ड के रूप में पारित किया गया था, या वादी के दावे की सत्यता या असत्यता पर विचार के आधार पर पारित किया गया था।
- (ग) भारतीय या अंतर्राष्ट्रीय विधि के विरुद्ध विदेशी निर्णय:
- अंतर्राष्ट्रीय विधि की गलत निर्वचन के आधार पर दिया गया निर्णय या जहाँ भारत की विधि लागू होती है वहाँ उसके विधि को मान्यता देने से इंकार करना अंतिम नहीं होता है।
- कार्यवाही के दौरान त्रुटी स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिये।
- (घ) प्राकृतिक न्याय के विरुद्ध विदेशी निर्णय:
- निर्णय में प्राकृतिक न्याय की न्यूनतम आवश्यकताओं का पालन किया जाना चाहिये, अर्थात् विवाद के पक्षकारों को उचित सूचना दी जानी चाहिये और प्रत्येक पक्षकार को अपना पक्ष प्रस्तुत करने का पर्याप्त अवसर प्रदान किया जाना चाहिये।
- यह ध्यान देने योग्य है कि केवल इस तथ्य से कि विदेशी न्यायालय ने भारतीय न्यायालय की प्रक्रिया का पालन नहीं किया, विदेशी निर्णय को इस आधार पर अमान्य नहीं किया जा सकता कि कार्यवाही प्राकृतिक न्याय के विरुद्ध है।
- शंकरन बनाम लक्ष्मी (1974) के मामले में, उच्चतम न्यायालय ने यह निर्णय दिया कि प्राकृतिक न्याय अभिव्यक्ति मामले के गुण-दोषों के बजाय प्रक्रिया में अनियमितताओं से संबंधित है।
- (ङ) कपट द्वारा प्राप्त विदेशी निर्णय:
- निजी अंतर्राष्ट्रीय विधि का यह एक सुस्थापित सिद्धांत है कि यदि विदेशी निर्णय कपट से प्राप्त किये जाते हैं, तो वे पूर्व-न्याय के रूप में कार्य नहीं करेंगे।
- न्यायिक मामलों से संबंधित किसी भी प्रकार का कपट, न्यायिक कार्यवाही को अमान्य कर देता है।
- यह कपट या तो उस पक्षकार के साथ किया जा सकता है जो किसी विदेशी निर्णय को अमान्य घोषित कर रहा है जिसके पक्ष में निर्णय सुनाया गया है, या फिर उस न्यायालय के साथ किया जा सकता है जिसने निर्णय दिया है।
- सत्य बनाम तेजा सिंह (1975) के मामले में, उच्चतम न्यायालय ने निर्णय दिया कि वादी ने विदेशी न्यायालय को इस संबंध में गुमराह किया था कि उसके पास मामले की अधिकारिता है, यद्यपि उसके पास अधिकारिता नहीं हो सकती थी, निर्णय और डिक्री कपट से प्राप्त की गई थी और इसलिये अनिश्चायक है।
- निजी अंतर्राष्ट्रीय विधि का यह एक सुस्थापित सिद्धांत है कि यदि विदेशी निर्णय कपट से प्राप्त किये जाते हैं, तो वे पूर्व-न्याय के रूप में कार्य नहीं करेंगे।
- (च) भारतीय विधि के उल्लंघन पर आधारित विदेशी निर्णय:
- धारा 13(च) के अधीन यह आवश्यक नहीं है कि विदेशी न्यायालय की प्रक्रिया भारत में न्यायालयों की प्रक्रिया के समान या समरूप हो।
- यद्यपि, जब कोई विदेशी निर्णय भारत में लागू किसी विधि के उल्लंघन पर आधारित होती है, तो उसे भारत में लागू नहीं किया जाएगा।
सिविल कानून
सिविल प्रक्रिया संहिता की धारा 100
22-Apr-2026
|
रूसी फिशरीज प्राइवेट लिमिटेड और अन्य बनाम भावना सेठ और अन्य "विधि में यह स्थापित है कि तथ्यों के निष्कर्ष, चाहे वे कितने भी गलत क्यों न हों, द्वितीय अपील में दोबारा नहीं खोले जा सकते और न ही उनमें कोई परिवर्तन किया जा सकता है, जिसमें केवल विधि के सारवान् प्रश्न (यदि कोई हो) पर ही निर्णय लिया जाना आवश्यक है।" न्यायमूर्ति पंकज मिथल और न्यायमूर्ति प्रसन्ना बी. वराले |
स्रोत: उच्चतम न्यायालय
चर्चा में क्यों?
भारत के उच्चतम न्यायालय की न्यायमूर्ति पंकज मिथल और न्यायमूर्ति प्रसन्ना बी. वराले की पीठ ने रूसी फिशरीज प्राइवेट लिमिटेड और अन्य बनाम भावना सेठ और अन्य (2026) के मामले में दोहराया कि सिविल प्रक्रिया संहिता, 1908 (CPC) की धारा 100 के अधीन द्वितीय अपील में, उच्च न्यायालय को साक्ष्य का पुनर्मूल्यांकन करके निचले न्यायालय द्वारा अभिलिखित किये गए तथ्यात्मक निष्कर्षों को फिर से खोलने या उसमें हस्तक्षेप करने की अनुमति नहीं है।
- न्यायालय ने प्रतिवादी द्वारा दायर अपील को खारिज कर दिया और प्रथम अपील न्यायालय द्वारा पारित विनिर्दिष्ट पालन के आदेश को बरकरार रखा।
रूसी फिशरीज प्राइवेट लिमिटेड और अन्य बनाम भावना सेठ और अन्य (2026) के मामले की पृष्ठभूमि क्या थी?
- यह विवाद 1988 में निष्पादित कृषि भूमि के विक्रय के करार के विनिर्दिष्ट पालन के लिये दायर एक वाद से उत्पन्न हुआ।
- विचारण न्यायालय ने विनिर्दिष्ट पालन से इंकार कर दिया और केवल आंशिक प्रतिफल की वापसी को मंजूरी दी।
- प्रथम अपील न्यायालय ने इस निर्णय को पलट दिया और विनिर्दिष्ट पालन का आदेश दिया, यह मानते हुए कि वादी ने भुगतान, समय विस्तार और तत्परता और इच्छा को विधिवत रूप से साबित कर दिया था।
- द्वितीय अपील में उच्च न्यायालय ने हस्तक्षेप करने से इंकार कर दिया, यह पाते हुए कि विधि का कोई सारवान् प्रश्न नहीं उठा है।
- प्रतिवादी-अपीलकर्त्ता ने उच्चतम न्यायालय का रुख करते हुए तर्क दिया कि प्रथम अपील न्यायालय द्वारा तत्परता और इच्छाशक्ति, समय विस्तार और नकद भुगतान के संबंध में दिये गए तथ्य-आधारित निष्कर्ष त्रुटिपूर्ण थे और उच्च न्यायालय द्वारा इनकी पुन: परीक्षा की जानी चाहिये थी।
न्यायालय की क्या टिप्पणियां थीं?
न्यायालय ने निम्नलिखित प्रमुख टिप्पणियां कीं:
द्वितीय अपील में तथ्यों के निष्कर्षों पर पुनर्विचार नहीं किया जा सकता:
- यह सर्वविदित विधि है कि तथ्यों के निष्कर्ष, चाहे वे कितने भी गलत क्यों न हों, द्वितीय अपील में दोबारा नहीं खोले जा सकते या उनमें कोई परिवर्तन नहीं किया जा सकता।
- द्वितीय अपील केवल विधि के किसी महत्वपूर्ण प्रश्न पर ही की जा सकती है , न कि तथ्यात्मक त्रुटियों के सुधार के लिए।
- यह तर्क कि उच्च न्यायालय को प्रथम अपील न्यायालय के निष्कर्षों की सत्यता सुनिश्चित करने के लिये साक्ष्यों की परीक्षा करनी चाहिये थी, "निराधार" माना गया।
कोई सारवान् विधि प्रश्न नहीं उठाया गया:
- जब तक उच्च न्यायालय विधि का कोई सारवान् प्रश्न तैयार नहीं करता, तब तक उसके लिये तथ्य-आधारित निष्कर्षों का पुनर्मूल्यांकन करना या उनमें हस्तक्षेप करना अनुमेय नहीं है, भले ही वे गलत प्रतीत हों।
- तत्परता और इच्छाशक्ति, समय विस्तार और नकद भुगतान से संबंधित निष्कर्षों को न तो अनुचित और न ही अवैध माना गया - और इसलिये उनमें किसी हस्तक्षेप की आवश्यकता नहीं थी।
प्रथम अपील डिक्री की पुष्टि:
- न्यायालय ने अपील खारिज कर दी और प्रथम अपील न्यायालय द्वारा पारित विनिर्दिष्ट पालन के आदेश को बरकरार रखा।
सिविल प्रक्रिया संहिता की धारा 100 क्या है?
सांविधिक शर्तें:
- सिविल प्रक्रिया संहिता की धारा 100 अधीनस्थ न्यायालयों द्वारा पारित अपीलीय डिक्री के विरुद्ध उच्च न्यायालय में द्वितीय अपील का उपबंध करती है।
- अपील तभी की जा सकती है जब उच्च न्यायालय संतुष्ट हो कि मामले में विधि का कोई सारवान् प्रश्न सम्मिलित है।
- अपील ज्ञापन में शामिल विधि के मूल प्रश्न को स्पष्ट रूप से बताना आवश्यक है।
- संतुष्ट होने पर, उच्च न्यायालय विधि के सारवान् प्रश्न को सूत्रबद्ध करेगा।
- अपील की सुनवाई निर्धारित प्रश्न के आधार पर की जाती है, तथापि आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय को विधि के अन्य सारवान् प्रश्नों पर भी सुनवाई करने का अधिकार प्राप्त है।
अधिकारिता की प्रकृति और दायरा:
- जब तक विधि में उपबंधित न हो, अपील का कोई निहित अधिकार विद्यमान नहीं होता है।
- प्रथम अपीलीय न्यायालय को तथ्यों के आधार पर अंतिम न्यायालय घोषित किया जाता है।
- जब तक विधि का कोई सारवान् प्रश्न शामिल न हो, उच्च न्यायालय साक्ष्यों या तथ्यों का पुनर्मूल्यांकन नहीं कर सकता।
- उच्च न्यायालय को तथ्यों के निष्कर्षों में हस्तक्षेप करने की कोई अधिकारिता नहीं है, चाहे त्रुटि कितनी भी गंभीर क्यों न प्रतीत हो।
- उच्च न्यायालय प्रथम अपील का द्वितीय न्यायालय नहीं है।
ऐतिहासिक संदर्भ:
- धारा 100 में 1976 में संशोधन किया गया था, जिससे उच्च न्यायालय के अधिकार क्षेत्र पर कठोर प्रतिबंध लगाए गए थे।
- 1976 से पहले भी, प्रिवी काउंसिल तथ्यों के आधार पर प्रथम अपील न्यायालय को अंतिम मानती थी।
- इस संशोधन का उद्देश्य उच्च न्यायालयों को विधि के सारवान् प्रश्नों के बिना द्वितीय अपीलों का निपटारा करने से रोकना था।
अनिवार्य आवश्यकताएँ:
- अपीलकर्त्ता को अपील ज्ञापन में विधि के सारवान् प्रश्न को तैयार करना होगा (उपधारा 3)।
- उच्च न्यायालय को विधि के सारवान् प्रश्न को स्पष्ट और विशिष्ट रूप से तैयार करना होगा (उपधारा 4)।
- अपील की सुनवाई केवल निर्धारित प्रश्न (उपधारा 5) पर ही की जानी चाहिये।
- सांविधिक आदेश का पालन किये बिना अपीलीय अधिकारिता का प्रयोग करने से निर्णय अमान्य हो जाता है।
हस्तक्षेप के लिये निषिद्ध आधार:
- उच्च न्यायालय तथ्यों के निष्कर्षों को अपास्त नहीं कर सकता और साक्ष्यों का पुनर्मूल्यांकन नहीं कर सकता।
- केवल इसलिये हस्तक्षेप नहीं किया जा सकता क्योंकि निष्कर्ष साक्ष्यों के विपरीत हैं।
- केवल इसलिये हस्तक्षेप नहीं किया जा सकता क्योंकि प्रथम अपील न्यायालय ने विचारण न्यायालय के तर्क पर विस्तार से विचार नहीं किया।
- तथ्यों की त्रुटिपूर्ण खोज के आधार पर द्वितीय अपील पर विचार नहीं किया जा सकता।
अनुपालन न करने के परिणाम:
- विधि के सारवान् प्रश्न को तैयार किये बिना मंजूर की गई द्वितीय अपील को अपास्त किया जा सकता है।
- मामले को उच्च न्यायालय में वापस नहीं भेजा जा सकता क्योंकि अपीलकर्त्ता अनिवार्य आवश्यकताओं को पूरा न करने की अपनी गलती से लाभ नहीं उठा सकते।
- उचित प्रक्रिया का पालन किये बिना दिया गया निर्णय मान्य नहीं हो सकता।
अपवाद और लचीलापन:
- एकपक्षीय पारित अपीलीय डिक्रियों से अपील की जा सकती है (उपधारा 2)।
- उच्च न्यायालय मूल रूप से तैयार न किये गए अन्य सारवान् विधिक प्रश्नों पर, अभिलिखित किये गए कारणों के साथ अपील सुन सकता है (उपधारा 5 का परंतुक)।
- वास्तव में विचार किये गए और निर्णय लिये गए प्रश्नों से सारवान् प्रश्न का निरूपण किया जा सकता है, तथापि इस दृष्टिकोण की आलोचना भी की गई है।
सिविल प्रक्रिया संहिता के अधीन प्रथम अपील बनाम द्वितीय अपील
|
परिमाण |
प्रथम अपील |
द्वितीय अपील |
|
सुसंगत धाराएँ |
धारा 96–99, सिविल प्रक्रिया संहिता |
धारा 100, सिविल प्रक्रिया संहिता |
|
अर्थ |
विचारण न्यायालय के डिक्री के विरुद्ध तथ्य एवं विधि दोनों का पूर्ण पुनः परीक्षा करना |
प्रथम अपील न्यायालय के निर्णय के विरुद्ध अपील केवल विधि के सारवान् प्रश्न पर ही की जा सकती है |
|
किसके डिक्री के विरुद्ध |
विचारण न्यायालय (मूल न्यायालय) |
प्रथम अपीलीय न्यायालय |
|
किस न्यायालय में प्रस्तुत |
जिला न्यायालय / उच्च न्यायालय (पदानुक्रम के आधार पर) |
उच्च न्यायालय |
|
परीक्षा का दायरा |
तथ्य और कानून दोनों |
केवल विधि का सारवान् प्रश्न — तथ्यों का कोई पुनर्मूल्यांकन नहीं |
|
विधि का सारवान् प्रश्न |
आवश्यक नहीं |
अनिवार्य — स्वीकृति के समय निर्धारित किया जाना आवश्यक |
|
साक्ष्यों का पुनर्मूल्यांकन |
अनुमति दी गई |
अनुमति नहीं है |
|
कौन प्रस्तुत कर सकता है |
पीड़ित पक्षकार (वादी/प्रतिवादी); मृत पक्षकार के विधिक प्रतिनिधि; डिक्री में हित के अंतरिती |
प्रथम अपीलीय न्यायालय के डिक्री से पीड़ित पक्षकार |
|
आधार |
विधि की गलत निर्वचन; साक्ष्य का त्रुटिपूर्ण मूल्यांकन; प्रक्रिया संबंधी अनियमितता |
विधिक उपबंध की गलत व्याख्या; बाध्यकारी पूर्वनिर्णय का अनुप्रयोग न करना; ऐसा प्रश्न जो सामान्यतः पक्षकारों के अधिकारों को प्रभावित करता हो |
|
पुनर्विलोकन का स्वरूप |
व्यापक |
सीमित |
|
तथ्यात्मक निष्कर्ष |
त्रुटिपूर्ण पाए जाने पर परिवर्तित किये जा सकते हैं |
बाध्यकारी; त्रुटिपूर्ण होने पर भी पुनः नहीं खोले जा सकते |
