- बुक्स एवं मैगज़ीन्स
- लॉग इन
- भाषा: Eng हिंदी
होम / करेंट अफेयर्स
आपराधिक कानून
भारतीय दण्ड संहिता की धारा 114 लागू होने के लिये दुष्प्रेरक की घटनास्थल पर भौतिक उपस्थिति अनिवार्य है
« »12-Nov-2026
|
पुरुषोत्तमा जी.एम. बनाम राज्य एवं अन्य “केवल यह शब्द जोड़ देने से कि वह इस घटना के लिये उत्तरदायी है, उसे अभियोजित नहीं किया जा सकता।” न्यायमूर्ति एच.पी. संदेश |
स्रोत: कर्नाटक उच्च न्यायालय
चर्चा में क्यों?
कर्नाटक उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति एच.पी. संदेश ने पुरुषोत्तमा जी.एम. बनाम राज्य एवं अन्य (2026) में निर्णय दिया। न्यायालय ने एक पुलिस कांस्टेबल की आपराधिक याचिका स्वीकार करते हुए उसके विरुद्ध आपराधिक कार्यवाही को निरस्त कर दिया।
न्यायालय ने यह भी अभिनिर्धारित किया:
- भारतीय दण्ड संहिता की धारा 114 (अब भारतीय न्याय संहिता की धारा 54) को लागू करने के लिये आवश्यक है कि अपराध किये जाते समय दुष्प्रेरक अपराध स्थल पर भौतिक रूप से उपस्थित हो।
- यदि किसी व्यक्ति की घटनास्थल पर उपस्थिति स्थापित नहीं होती, तो केवल इस आरोप पर कि घटना उसके उकसावे पर घटित हुई, उसे धारा 114 के अधीन अभियोजित नहीं किया जा सकता।
- केवल इस आधार पर कि कोई पुलिस अधिकारी स्थानीय पुलिस थाने में कार्यरत है, उसके विरुद्ध किसी घटना के लिये “उत्तरदायी” होने का सामान्य आरोप आपराधिक अभियोजन को बनाए रखने के लिये पर्याप्त नहीं है।
पुरुषोत्तमा जी.एम. बनाम राज्य (2026) के मामले की पृष्ठभूमि क्या थी?
- याचिकाकर्त्ता: पुलिस कांस्टेबल पुरुषोत्तमा जी.एम. को एक आपराधिक मामले में अभियुक्त संख्या 5 के रूप में नामित किया गया था।
- आरोप: उस पर भारतीय दण्ड संहिता की धारा 143, 504, 323, 324, 448, 506 तथा धारा 149 सहपठित धारा 114 के अधीन आरोप लगाए गए थे।
- उसके विरुद्ध आरोप: परिवाद में केवल यह कहा गया था कि वह उसी पुलिस थाने में पुलिस कांस्टेबल के रूप में कार्यरत था और घटना के लिये उत्तरदायी था।
याचिकाकर्त्ता का तर्क:
- घटना के दिन वह हुलुवाडी, मनकुंडा, होसुरुदोड्डी, देवरहल्ली और वलगेरेहल्ली गाँवों में बीट एवं गश्त ड्यूटी पर था।
- आपराधिक याचिका संख्या 1294/2020 में समन्वय पीठ के आदेश पर विश्वास करते हुए उसने तर्क दिया कि धारा 114 भारतीय दण्ड संहिता को लागू करने के लिये अपराध स्थल पर भौतिक उपस्थिति एक अनिवार्य सांविधिक आवश्यकता है।
उच्च न्यायालय के समक्ष विचारणीय प्रश्न:
- क्या ऐसे व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय दण्ड संहिता की धारा 114 लागू की जा सकती है, जिसकी अपराध स्थल पर उपस्थिति स्थापित नहीं है?
- क्या किसी व्यक्ति के किसी घटना के लिये “उत्तरदायी” होने का सामान्य आरोप उसे अभियोजित करने के लिये पर्याप्त है?
न्यायालय की क्या टिप्पणियां थीं?
भारतीय दण्ड संहिता की धारा 114 के संबंध में:
- धारा 114 अपराध किये जाते समय उपस्थित दुष्प्रेरक को दण्डित करती है।
- अतः इसे लागू करने के लिये घटनास्थल पर भौतिक उपस्थिति अनिवार्य है।
- न तो परिवादी के साक्षियों और न ही परिवाद से यह दर्शित हुआ कि याचिकाकर्त्ता घटनास्थल पर उपस्थित था।
- परिवाद में केवल यह कहा गया था कि वह उसी पुलिस थाने में पुलिस कांस्टेबल के रूप में कार्यरत था और कृत्य के लिये उत्तरदायी था।
सामान्य आरोप के संबंध में:
- केवल इस आधार पर कि कोई पुलिस अधिकारी स्थानीय पुलिस थाने में कार्यरत है, उसके किसी घटना के लिये “उत्तरदायी” होने का सामान्य आरोप आपराधिक अभियोजन को बनाए रखने के लिये पर्याप्त नहीं है।
- याचिकाकर्त्ता के विरुद्ध धारा 114 के कोई भी अवयव सिद्ध नहीं हुए।
- केवल यह शब्द जोड़ देने से कि वह घटना के लिये उत्तरदायी था, उसके अभियोजन को उचित नहीं ठहराया जा सकता।
- उसे केवल इसलिये आपराधिक विचारण की कठिन प्रक्रिया से गुज़रने की आवश्यकता नहीं है कि वह उसी पुलिस थाने में कार्यरत है।
अन्य अपराधों के संबंध में:
- धारा 149 के साथ पठित धाराओं 143, 504, 323, 324, 448 और 506 के अधीन अपराध भी याचिकाकर्ता के विरुद्ध लागू नहीं होते थे।
निर्णय:
- भारतीय दण्ड संहिता की धारा 114 को लागू करने के लिये अपराध किये जाते समय दुष्प्रेरक का घटनास्थल पर भौतिक रूप से उपस्थित होना आवश्यक है।
- याचिकाकर्त्ता के विरुद्ध आरोपित अपराधों के कोई भी तत्त्व सिद्ध नहीं हुए।
- आपराधिक याचिका स्वीकार की गई तथा याचिकाकर्त्ता के विरुद्ध आपराधिक कार्यवाही निरस्त कर दी गई।
भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 54 क्या है?
परिचय:
- धारा 54 अपराध किये जाते समय दुष्प्रेरक की उपस्थित से संबंधित है।
- यह भारतीय न्याय संहिता के अध्याय 4 “दुष्प्रेरण, आपराधिक षड्यंत्र और प्रयत्न के विषय में” के अंतर्गत आती है।
- यह भारतीय दण्ड संहिता, 1860 की धारा 114 के समरूप है।
उपबंध:
- जब कभी कोई व्यक्ति, जो अनुपस्थित होने पर भी दुष्प्रेरक के रूप में दण्डनीय होता, उस समय उपस्थित हो जब वह कार्य या अपराध किया जाए जिसके लिये वह दुष्प्रेरक के परिणामस्वरूप दण्डनीय होता, तब यह समझा जाएगा कि उसने ऐसा कार्य या अपराध किया है।
आवश्यक तत्त्व :
- पूर्व दुष्प्रेरण: दुष्प्रेरण पहले से पूर्ण होना चाहिये, जिससे वह व्यक्ति अनुपस्थित होने पर भी दुष्प्रेरक के रूप में दायी होता।
- उपस्थिति: अपराध किये जाते समय दुष्प्रेरक का उपस्थित होना आवश्यक है।
प्रभाव:
- दुष्प्रेरक को मुख्य अपराधी माना जाता है और उसे ऐसे दण्डित किया जाता है मानो उसने स्वयं अपराध किया हो।
प्रमुख पूर्व-निर्णय:
- श्री राम बनाम उत्तर प्रदेश राज्य (1975) में उच्चतम न्यायालय ने अभिनिर्धारित किया कि यह उपबंध केवल तभी लागू होता है जब दुष्प्रेरण उस व्यक्ति की उपस्थिति से स्वतंत्र रूप से पहले ही पूर्ण हो चुका हो। तब अपराध के किये जाते समय उसकी उपस्थिति उसे मुख्य अपराधी के रूप में दायी बनाती है।