9 मार्च से शुरू हो रहे हमारे ऑल-इन-वन ज्यूडिशियरी फाउंडेशन कोर्स के साथ अपनी ज्यूडिशियरी की तैयारी को मजबूत बनाएं | यह कोर्स अंग्रेज़ी और हिंदी दोनों माध्यमों में उपलब्ध है।   |   आज ही हमारे ज्यूडिशियरी फाउंडेशन कोर्स में एडमिशन लें और अपनी तैयारी को और बेहतर बनाएँ | हिंदी माध्यम बैच: 9 मार्च, सुबह 8 बजे   |   आज ही एडमिशन लें बिहार APO (प्रिलिम्स + मेन्स) कोर्स में और अपने सपनों को दे नई दिशा | ऑफलाइन एवं ऑनलाइन मोड में उपलब्ध | 12 जनवरी 2026  से कक्षाएँ आरंभ   |   ज्यूडिशियरी की तैयारी अब हिंदी माध्यम में! दृष्टि ज्यूडिशियरी का नया बैच 22 जून 2026 से शुरू | आज ही एडमिशन लें | ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों मोड में उपलब्ध |   |   एडमिशन ओपन: UP APO प्रिलिम्स + मेंस कोर्स 2025, बैच 6th October से   |   ज्यूडिशियरी फाउंडेशन कोर्स (प्रयागराज)   |   अपनी सीट आज ही कन्फर्म करें - UP APO प्रिलिम्स कोर्स 2025, बैच 6th October से







होम / एडिटोरियल

सांविधानिक विधि

अग्निपथ योजना में परिवर्तन

    «
 09-Nov-2026

स्रोत: द हिंदू 

परिचय 

हाल ही में भारत सरकार ने अग्निपथ योजना में व्यापक परिवर्तन की घोषणा की। चार वर्षीय कार्यकाल की समाप्ति पर सेना से सेवामुक्त होने वाले अग्निवीरों को अब दो वर्ष का अतिरिक्त विस्तार प्राप्त होगा, जिसके पश्चात उन्हें नियमित सैनिकों के रूप में सशस्त्र बलों में सम्मिलित होने का अवसर प्रदान किया जाएगा। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने तीनों सेवाओं की अनुशंसाओं के आधार पर इस निर्णय को अनुमोदित किया। यह निर्णय योजना के चार वर्षों के कार्यान्वयन के उपरांत किये गए व्यापक मूल्यांकन के पश्चात् लिया गया है। 

अग्निपथ योजना क्या है? 

  • यह योजना 14 जून 2022 को प्रारंभ की गई थी। 
  • इसके अंतर्गत युवा कार्मिकों की चार वर्ष की अवधि के लिये सशस्त्र बलों में भर्ती की जाती है। उन्हें अग्निवीर कहा जाता है। 
  • मूल योजना के अंतर्गत:  
    • प्रत्येक बैच के अधिकतम 25% अग्निवीरों को चार वर्ष के पश्चात् नियमित संवर्ग में प्रतिधारित किया जाना था। 
    • शेष 75% अग्निवीरों को वित्तीय पैकेज एवं अन्य लाभों के साथ नागरिक जीवन में लौटना था। 
  • अग्निवीरों का पहला बैच, जिसमें 18,000 अग्निवीर सम्मिलित हैं, अब अपनी चार वर्ष की सेवा-अवधि पूर्ण करने के निकट है। 

योजना में क्या परिवर्तन किये गए हैं? 

  • 25% अग्निवीरों को बनाए रखने का प्रावधान यथावत्: प्रारंभिक चार वर्ष की सेवा-अवधि के पश्चात् 25% अग्निवीरों को नियमित संवर्ग में सम्मिलित किये जाने का नियम अपरिवर्तित रहेगा। 
  • शेष 75% के लिये द्वितीय सेवा अवधि:   
    • जिन्हें पूर्व में चार वर्ष के पश्चात् सेवा छोड़नी पड़ती थी, उन्हें अब दो वर्ष की द्वितीय सेवा अवधि प्रदान की जाएगी। 
    • इस विस्तारित कार्यकाल की समाप्ति पर, यदि वे इच्छुक हों और वस्तुनिष्ठ चयन मानदंडों को पूर्ण करते हों, तो उन्हें नियमित नामांकन हेतु विचार में लिया जाएगा। 
  • उच्चतर वेतन एवं लाभ:  
    • जो अग्निवीर द्वितीय सेवा अवधि का विकल्प चुनेंगे, उन्हें उच्चतर पारिश्रमिक प्राप्त होगा। 
    • उन्हें संवर्धित सेवा निधि पैकेज भी प्राप्त होगा। सेवा निधि एक एकमुश्त वित्तीय लाभ है, जो अग्निवीरों को उनकी चार वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण करने पर प्रदान किया जाता है। 
  • नियमित नामांकन पर रैंक: दूसरी सेवा-अवधि के पश्चात् नियमित संवर्ग में सम्मिलित होने वाले अग्निवीरों को उन अग्निवीरों से एक रैंक नीचे रखा जाएगा, जिन्हें 25% वाले प्रावधान के अंतर्गत चार वर्ष की सेवा-अवधि पूर्ण होने के तुरंत बाद सीधे नियमित संवर्ग में सम्मिलित किया गया था। 

सरकार ने योजना में परिवर्तन क्यों किया है? 

  • प्रथम बैच का कार्यकाल समाप्ति की ओर बढ़ने के साथ, सशस्त्र बलों ने अग्निवीरों के प्रदर्शन, कौशल, शारीरिक दक्षता, अभिप्रेरणा एवं परिचालनात्मक योगदान का विस्तृत मूल्यांकन किया। 
  • इसका उद्देश्य यह आकलन करना था कि क्या चार वर्षीय प्रतिमान निम्नलिखित को पूर्ण करता है:  
    • तीनों सेवाओं की सांगठनिक आवश्यकताएँ। 
    • भर्ती हुए अभ्यर्थियों की आकांक्षाएँ। 
  • चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने इस निर्णय की पृष्ठभूमि स्पष्ट करते हुए निम्नलिखित बातें बताईं:   
    • इस योजना को कभी भी अपरिवर्तित रखने का आशय नहीं था। सशस्त्र बलों ने इसकी समय-समय पर समीक्षा करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की थी। 
    • अग्निवीरों के प्रदर्शन का अनुश्रवण करने हेतु थलसेना, नौसेना और वायु सेना में एक केंद्रीकृत डेटाबेस संधारित किया गया। 
    • वस्तुनिष्ठ मापदंडों के आधार पर वार्षिक मूल्यांकन किये गए। 
  • इन मूल्यांकनों तथा सेवाओं से प्राप्त प्रतिपुष्टि के आधार पर, सशस्त्र बलों ने नियमित नामांकन के लिये चयनित न होने वाले 75% अग्निवीरों के लिये दो वर्ष की अतिरिक्त सेवा अवधि की अनुशंसा की। 
  • मंत्रिमंडल द्वारा अनुमोदन से पूर्व इस अनुशंसा पर तीन से चार माह तक विचार-विमर्श किया गया। 

चार वर्षीय मूल्यांकन से क्या निष्कर्ष निकला? 

सकारात्मक परिणाम: 

  • देश भर के अपेक्षाकृत अधिक जनपदों से भर्ती। 
  • अधिक मानकीकृत एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया। 
  • अग्निवीरों में उच्च स्तर की शारीरिक दक्षता, मनोबल, अभिप्रेरणा, प्रतिस्पर्धात्मक भावना एवं अनुशासन। 
  • प्रौद्योगिकीय अनुकूलनशीलता, कौशल विकास एवं शैक्षणिक अर्हताओं में वृद्धि। 
  • सशस्त्र बलों की विभिन्न शाखाओं को महिलाओं के लिये खोला गया। 

अतिरिक्त सेवा अवधि का कारण: 

  • इसका उद्देश्य प्रशिक्षित जनशक्ति का अधिक प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना है। 
  • जनरल राजा सुब्रमणि ने कहा कि प्रथम 25% में चयनित न होने वाला अग्निवीर अयोग्य नहीं है और न ही उसका प्रदर्शन निम्न रहा है। 
  • चयन सापेक्ष था। यह संगठन की आवश्यकताओं और उपलब्ध रिक्तियों पर निर्भर था। 
  • अतिरिक्त दो वर्ष इन कार्मिकों को अनुभव अर्जित करने, अपने कौशल में सुधार करने तथा नियमित सेवा हेतु अपनी उपयुक्तता सिद्ध करने का अवसर प्रदान करते हैं। 

अग्निवीरों के लिये द्वितीय सेवा अवधि का क्या अर्थ है? 

  • यह उन अग्निवीरों को सेवा का दीर्घतर अवसर प्रदान करती है, जिन्हें अन्यथा चार वर्ष के पश्चात सेवा छोड़नी पड़ती। 
  • छह वर्षीय सेवा अवधि की समाप्ति पर, यदि वे इच्छुक हों और मानदंडों को पूर्ण करते हों, तो उन्हें नियमित सैनिकों के रूप में नामांकन हेतु विचार में लिया जाएगा। 
  • प्रतिसंतुलन (Trade-off): अब सभी इच्छुक अग्निवीरों के पास समय से पूर्व सेवा छोड़ने के बजाय सशस्त्र बलों में बने रहने का मार्ग उपलब्ध है। अतः वे केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) और राज्य पुलिस बलों में पूर्व में घोषित सेवा-उपरांत आरक्षण संबंधी लाभों के लिये पात्र नहीं रहेंगे। 

सशस्त्र बलों के लिये क्या परिवर्तन होता है? 

  • इससे पहले से प्रशिक्षित तथा परिचालनात्मक अनुभव रखने वाले कार्मिकों को प्रतिधारित करने में सहायता मिलती है। 
  • इससे कतिपय सांगठनिक आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु नए रंगरूटों के प्रशिक्षण में निरंतर निवेश करने की आवश्यकता घटती है। 

निष्कर्ष 

अग्निपथ योजना में किये गए परिवर्तन चार वर्षों के अनुभव पर आधारित एक महत्वपूर्ण सुधारात्मक कदम हैं। शेष 75% अग्निवीरों को द्वितीय सेवा अवधि तथा नियमित सेवा का मार्ग प्रदान करना मूल योजना की प्रमुख आलोचना का समाधान करता है, जो यह थी कि अधिकांश प्रशिक्षित अग्निवीर मात्र चार वर्ष के पश्चात सेवा छोड़ देते थे। सशस्त्र बलों को अनुभवी जनशक्ति प्राप्त रहती है और अग्निवीरों को अधिक करियर सुरक्षा मिलती है। तथापि, नियमित नामांकन पर पद-भेद तथा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) और राज्य पुलिस में सेवा-उपरांत आरक्षण संबंधी लाभों की समाप्ति प्रतिसंतुलन के बिंदु हैं। ये इस बात को निर्धारित करेंगे कि अग्निवीरों के लिये द्वितीय सेवा अवधि कितनी आकर्षक सिद्ध होती है। F