- बुक्स एवं मैगज़ीन्स
- लॉग इन
- भाषा: Eng हिंदी
करेंट अफेयर्स और संग्रह
होम / करेंट अफेयर्स और संग्रह
सिविल कानून
ऋणी द्वारा हस्ताक्षरित खातों की पुष्टि संक्षिप्त वाद को बनाए रखने के लिए पर्याप्त है
18-Jun-2026
|
संदीप गोयल बनाम ज़ावेनिर डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड और संबंधित मामला "यह पुष्टिकरण पत्र न केवल लिखित करार/संविदा है जिसमें ऋण की शर्तें और देय भुगतान राशि दर्शाई गई हैं, अपितु प्रतिवादी द्वारा इसे स्वीकार और पुष्टि भी की गई है।" न्यायमूर्ति नीना बंसल कृष्णा |
स्रोत: दिल्ली उच्च न्यायालय
चर्चा में क्यों?
संदीप गोयल बनाम ज़वेनिर डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड और संबंधित मामले (2026) में न्यायमूर्ति नीना बंसल कृष्णा की एकल पीठ ने एक कंपनी के पक्ष में उसके विरुद्ध पारित संक्षिप्त डिक्री को चुनौती देने वाले एक चार्टर्ड अकाउंटेंट द्वारा दायर अपील को खारिज कर दिया, यह मानते हुए कि ऋण और उसके ब्याज शर्तों को स्वीकार करने वाला खातों की पुष्टि का पत्र एक लिखित संविदा है जो सिविल प्रक्रिया संहिता, 1908 (CPC) के आदेश 37 के अधीन वाद चलाने में सक्षम है।
संदीप गोयल बनाम ज़ावेनिर डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड और संबंधित मामले (2026) की पृष्ठभूमि क्या थी?
- ज़ेवेनिर डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड ने एक संक्षिप्त वाद दायर किया जिसमें दावा किया गया कि उसने दो बैंक संव्यवहार के माध्यम से अपीलकर्त्ता, जो एक चार्टर्ड अकाउंटेंट है, को 50 लाख रुपए का मैत्रीपूर्ण ऋण दिया था।
- दावा किया गया था कि ऋण पर 15% प्रति वर्ष की दर से ब्याज लगता है, जो तिमाही आधार पर चक्रवृद्धि होता है।
- वादी ने 1 अप्रैल, 2019 की तारीख वाले खातों की पुष्टि पत्र पर विश्वास किया, जिस पर दोनों पक्षकारों ने हस्ताक्षर किये थे, जिसमें ऋण संव्यवहार, ब्याज देयता और बकाया राशि दर्ज थी।
- अपीलकर्त्ता ने इस दावे का खंडन करते हुए तर्क दिया कि बैंक अंतरण वास्तव में कंपनी के लिये उसके द्वारा व्यवस्थित की गई नकद राशि की चुकौती थी, न कि उसे दिया गया ऋण।
- अपीलकर्त्ता ने आगे तर्क दिया कि खातों की पुष्टि को लिखित संविदा नहीं माना जा सकता है, और इसलिये यह सिविल प्रक्रिया संहिता के आदेश 37 के अधीन संक्षिप्त वाद का आधार नहीं बन सकता है।
- विचारण न्यायालय ने इन दलीलों को खारिज करते हुए कहा कि कोई विचारणीय विवाद्यक नहीं बनता है और कंपनी के पक्ष में 72 लाख रुपए से अधिक की वसूली का संक्षिप्त आदेश पारित किया। अपीलकर्त्ता ने इस आदेश को दिल्ली उच्च न्यायालय में चुनौती दी।
न्यायालय की क्या टिप्पणियां थीं?
पुष्टिकरण पत्र को लिखित संविदा के रूप में स्वीकार करना:
- न्यायालय ने खातों की पुष्टि के पत्र की जांच की और पाया कि उसमें 50 लाख रुपए के अंतरण, सहमत ब्याज दर और बकाया राशि का स्पष्ट रूप से उल्लेख था। न्यायालय ने यह भी पाया कि पत्र पर दोनों पक्षकारों के हस्ताक्षर थे और प्रतिवादी ने "हम उपरोक्त की पुष्टि करते हैं" लिखकर इसकी सामग्री का स्पष्ट रूप से समर्थन किया था।
- न्यायालय ने माना कि दर्ज की गई शर्तों और स्पष्ट स्वीकृति के इस संयोजन ने दस्तावेज़ को मात्र एक लेखा अभिलेख से ऊपर उठाकर एक लिखित करार का दर्जा दिया, जिसे सिविल प्रक्रिया संहिता के आदेश 37 के अधीन लागू किया जा सकता है।
इस प्रतिरक्षा के आधार पर कि पत्र पर कोई कार्रवाई नहीं की जानी थी:
- अपीलकर्त्ता ने तर्क दिया कि उसने पुष्टिकरण पत्र पर केवल इस आश्वासन के आधार पर हस्ताक्षर किये थे कि उस पर विश्वास नहीं किया जाएगा।
- न्यायालय ने इस स्पष्टीकरण को खारिज कर दिया, यह देखते हुए कि इस प्रकार की प्रतिरक्षा विशेष रूप से तब कमजोर हो जाती है जब इसे एक चार्टर्ड अकाउंटेंट द्वारा उठाई जाती है, जो इस तरह के दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर करने के विधिक और वित्तीय महत्त्व से अच्छी तरह परिचित एक पेशेवर होता है।
नकद अग्रिम भुगतान की प्रतिरक्षा में:
- अपीलकर्त्ता का वैकल्पिक तर्क यह था कि उसे प्राप्त बैंक अंतरण कंपनी के लिये पहले से व्यवस्थित की गई नकद राशि की चुकौती थी, न कि उसे दिया गया ऋण।
- न्यायालय ने पाया कि यह अभिवचन अभिलेख में विद्यमान किसी भी ठोस साक्ष्य द्वारा समर्थित नहीं है और यह माना कि दस्तावेज़ी या अन्य पुष्टि के बिना केवल एक दावा, एक वास्तविक विवाद को उठाने के रूप में नहीं माना जा सकता है।
यदि कोई विचारणीय विवाद्यक विद्यमान नहीं है:
- दोनों प्रतिरक्षाओं को खारिज करते हुए न्यायालय ने निष्कर्ष निकाला कि अपीलकर्त्ता कोई भी ऐसा विवाद्यक प्रस्तुत करने में विफल रहा है जिस पर विचारण हो सके और जिसके आधार पर उसे वाद का प्रतिवाद करने हेतु निर्बाध/निःशर्त प्रतिरक्षा की अनुमति प्रदान की जा सके। तदनुसार, न्यायालय ने कंपनी के पक्ष में पारित संक्षिप्त डिक्री को बरकरार रखा और अपील खारिज कर दी।
सिविल प्रक्रिया संहिता का आदेश 37 क्या है?
सिविल प्रक्रिया संहिता का आदेश 37 – संक्षिप्त प्रक्रिया
नियम 1: वे न्यायालय और वादों के वर्ग जिन्हें यह आदेश लागू होना है
- यह उच्च न्यायालयों, नगर सिविल न्यायालयों और लघुवाद न्यायालयों के साथ-साथ उच्च न्यायालय द्वारा अधिसूचित अन्य न्यायालयों पर भी लागू होता है, जो इसके अंतर्गत आने वाले वादों की श्रेणियों को सीमित, विस्तारित या भिन्न कर सकते हैं।
- उपरोक्त शर्तों के अधीन रहते हुए, यह निम्नलिखित प्रकार के वादों पर लागू होता है:
- विनिमय बिलों, हुंडी और वचनपत्रों पर वाद।
- ऐसे वाद जिनमें वादी केवल लिखित संविदा, अधिनियम (जहाँ राशि निश्चित हो या जुर्माने के सिवाय किसी अन्य प्रकार के ऋण की प्रकृति की हो) या प्रत्याभूति (जहाँ मूल देनदार के विरुद्ध दावा केवल ऋण या निश्चित मांग के लिये हो) के आधार पर उत्पन्न होने वाले ब्याज सहित या बिना ब्याज के, किसी ऋण या निश्चित मांग की वसूली करना चाहता है।
नियम 2: संक्षिप्त वादों का संस्थित किया जाना
- इस आदेश के अंतर्गत वाद संस्थित करने के लिये एक वादपत्र प्रस्तुत करना होगा जिसमें यह स्पष्ट रूप से कहा गया हो कि यह आदेश 37 के अंतर्गत दायर किया गया है, यह कथन हो कि इस नियम के दायरे से बाहर कोई अनुतोष नहीं मांगा गया है, और वाद के शीर्षक के नीचे विहित विवरण हो।
- समन परिशिष्ट ख के प्रपत्र संख्या 4 या ऐसे ही किसी अन्य विहित प्रपत्र में होना चाहिये।
- प्रतिवादी को वाद की प्रतिरक्षा करने का अधिकार तब तक नहीं है जब तक वह न्यायालय में पेश न हो; पेश न होने की स्थिति में, वादपत्र में लगाए गए आरोप स्वीकार किये हुए माने जाएंगे, और वादी दावा की गई राशि (जो समन में उल्लिखित राशि से अधिक नहीं होगी) के लिये, निर्णय की तिथि तक निर्धारित दर पर ब्याज और लागत सहित, तत्काल निष्पादन योग्य डिक्री प्राप्त करने का हकदार होगा।
नियम 3: प्रतिवादी की उपसंजाति के लिये प्रक्रिया
- वादी को समन के साथ वादपत्र और अनुलग्नकों की एक प्रति प्रस्तुत करनी होगी; प्रतिवादी स्वयं या अधिवक्ता के माध्यम से, समन प्राप्त होने के दस दिनों के भीतर उपस्थित हो सकता है, और उसे नोटिस प्राप्त करने के लिये एक पता दर्ज करना होगा।
- जब तक अन्यथा आदेश न दिया जाए, प्रतिवादी द्वारा दिये गए पते पर तामील को वैध तामील माना जाएगा।
- न्यायालय में पेश होने पर, प्रतिवादी को वादी या उसके अधिवक्ता को पत्र द्वारा या पूर्व-भुगतान किये गए पत्र द्वारा सूचना देनी होगी।
- यदि प्रतिवादी उपस्थित होता है, तो वादी को निर्णय के लिये समन (परिशिष्ट ख का प्रपत्र संख्या 4क) तामील करना होगा, जो तामील होने के दस दिनों के भीतर वापस किया जाना चाहिये, और इसके साथ एक शपथपत्र संलग्न करना होगा जिसमें वाद-हेतुक, दावा की गई राशि और वादी का यह विश्वास कि कोई प्रतिरक्षा नहीं है, सत्यापित किया गया हो।
- प्रतिवादी, निर्णय के लिये समन की तामील होने के दस दिनों के भीतर, शपथपत्र के माध्यम से या किसी अन्य तरीके से प्रतिरक्षा का समय देने के लिये आवेदन कर सकता है, जिसमें प्रतिरक्षा का अधिकार प्रदान करने वाले पर्याप्त तथ्य बताए गए हों; यह समय बिना शर्त या न्यायालय द्वारा उचित समझे जाने वाली शर्तों पर दिया जा सकता है।
- प्रतिरक्षा का अवसर देने से तब तक इंकार नहीं किया जाएगा जब तक कि न्यायालय संतुष्ट न हो जाए कि प्रकट किये गए तथ्य ठोस प्रतिरक्षा का संकेत नहीं देते हैं, या यह कि प्रस्तावित प्रतिरक्षा तुच्छ या तंग करने वाली है।
- जहाँ दावा की गई राशि का कुछ भाग देय के रूप में स्वीकार कर लिया जाता है, वहाँ प्रतिरक्षा करने की अनुमति तब तक नहीं दी जाएगी जब तक कि वह स्वीकृत राशि न्यायालय में जमा न कर दी जाए।
- निर्णय हेतु समन की सुनवाई के दौरान:
- यदि प्रतिवादी ने अनुमति के लिये आवेदन नहीं किया है, या आवेदन अस्वीकार कर दिया गया है, तो वादी तत्काल निर्णय प्राप्त करने का हकदार है।
- यदि प्रतिवादी को पूर्ण या आंशिक रूप से प्रतिरक्षा करने की अनुमति दी जाती है, तो न्यायालय एक निश्चित समय सीमा के भीतर जमानत राशि जमा करने का निदेश दे सकता है; जमानत राशि जमा करने या निदेशों का पालन करने में असफल रहने पर वादी को तत्काल निर्णय प्राप्त करने का अधिकार होगा।
- न्यायालय पर्याप्त कारण होने पर प्रतिवादी द्वारा पेशी दर्ज करने या प्रतिरक्षा के लिये अनुमति मांगने में हुए विलंब को क्षमा कर सकता है।
नियम 4: डिक्री को अपास्त करने की शक्ति
- किसी निर्णय के बाद, न्यायालय विशेष परिस्थितियों में, आवश्यक होने पर, डिक्री को अपास्त कर सकता है, निष्पादन पर रोक लगा सकता है या उसे अपास्त कर सकता है, और प्रतिवादी को न्यायालय द्वारा उचित समझे जाने वाली शर्तों पर वाद में उपस्थित होने और प्रतिरक्षा करने की अनुमति दे सकता है, यदि ऐसा करना उचित प्रतीत होता है।
नियम 5: विनिमय-पत्र आदि को न्यायालय के अधिकारी के पास जमा कराने का आदेश देने की शक्ति
- न्यायालय उस बिल, हुंडी या नोट को, जिस पर वाद आधारित है, न्यायालय के किसी अधिकारी के पास जमा करने का आदेश दे सकता है, और आगे यह आदेश दे सकता है कि वादी द्वारा खर्च के लिये प्रतिभूति प्रदान किये जाने तक कार्यवाही रोक दी जाए।
नियम 6: अनादृत विनिमय-पत्र के अप्रतिग्रहण का टिप्पण करने के खर्च की वसूली
- किसी अनादृत विनिमय पत्र या वचन पत्र के धारक को ऐसे अनादरण (स्वीकृति न मिलने, भुगतान न होने या किसी अन्य कारण से) को टिप्पण करने में हुए खर्चों की वसूली के लिये वही उपचार उपलब्ध हैं जो इस आदेश के अधीन पत्र या वचन पत्र की राशि की वसूली के लिये उपलब्ध हैं।
नियम 7: वादों में प्रक्रिया
- इस आदेश द्वारा जैसा उपबंधित हैं उसके सिवाय इसके अधीन वादों में प्रक्रिया वही होगी जो मामूली रीति से संस्थित किये गए वादों में होती है।
दंड विधि
विद्युताघात से हुई मृत्यु के लिये विद्युत वितरण कंपनी पूर्णतः उत्तरदायी है
18-Jun-2026
|
गुजरात एनर्जी ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड बनाम नानीबा विधवा गेमरसिंह रूपसिंह सोढ़ा और अन्य "घटना को रोकने के लिये सभी तारों को इन्सुलेट करके रखना अपीलकर्त्ता - गेटको का दायित्त्व है। यदि कोई घटना घटती है, तो पूर्ण दायित्त्व का सिद्धांत लागू होगा।" न्यायमूर्ति जे.सी. दोशी |
स्रोत: गुजरात उच्च न्यायालय
चर्चा में क्यों?
गुजरात उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति जे.सी. दोशी की एकल पीठ ने गुजरात एनर्जी ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड बनाम नानीबा विधवा गेमरसिंह रूपसिंह सोढ़ा और अन्य (2026) के मामले में अपील खारिज करते हुए निर्णय दिया कि खतरनाक पदार्थ के संचरण का व्यवसाय करने वाली बिजली कंपनी किसी जीवित तार के आकस्मिक संपर्क से मारे गए व्यक्ति को प्रतिकर देने के लिये पूर्णतः उत्तरदायी है और मृतक पर उपेक्षा का आरोप लगाकर अपनी प्रतिरक्षा नहीं कर सकती है।
गुजरात एनर्जी ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड बनाम नानीबा विधवा गेमरसिंह रूपसिंह सोढ़ा और अन्य (2026) के मामले की पृष्ठभूमि क्या थी?
- GETCO ने विचारण न्यायालय द्वारा 31.1.2012 को पारित एक निर्णय और डिक्री को चुनौती दी थी, जिसमें उसे गेमरसिंह सोढ़ा की मृत्यु के प्रतिकर के रूप में 9,40,000 रुपए के साथ-साथ वाद दायर करने की तारीख से वसूली तक 9% वार्षिक ब्याज का भुगतान करने का निदेश दिया गया था।
- मृतक, जो एक मालधारी (पशुपालक) के रूप में काम करता था, अपनी भेड़-बकरियों के साथ एक इलाके से गुजर रहा था, तभी वह एक खुले ट्यूबवेल के पास पहुँचा। तेज हवा के कारण, वह एक पेड़ की शाखाओं से गुजर रही 66 KV बिजली की लाइन के संपर्क में आ गया और उसे करंट लग गया, जिसके परिणामस्वरूप उसकी मृत्यु हो गई।
- GETCO ने उच्च न्यायालय के समक्ष यह तर्क दिया कि विचारण न्यायालय ने उस पर दायित्त्व थोपने में त्रुटी की है, यह कहते हुए कि दुर्घटना मृतक की अपनी उपेक्षा के कारण हुई थी और यदि उसने उचित सावधानी बरती होती तो इस दुर्घटना को टाला जा सकता था।
न्यायालय की क्या टिप्पणियां थीं?
पूर्ण दायित्त्व के सिद्धांत पर:
- न्यायालय ने निर्णय दिया कि जब किसी विद्युत लाइन के माध्यम से संचारित ऊर्जा किसी ऐसे व्यक्ति को क्षति पहुँचाती है या उसकी मृत्यु का कारण बनती है जो अनजाने में इसके संपर्क में आता है, तो पीड़ित को प्रतिकर देने का प्राथमिक दायित्त्व पूर्ण दायित्त्व के सिद्धांत के अनुसार बिजली कंपनी का होता है। न्यायालय ने कहा कि तारों के माध्यम से संचारित बिजली संभावित रूप से खतरनाक होती है, और बिजली कंपनी का यह कर्त्तव्य है कि वह इसके रिसाव को रोकने या यह सुनिश्चित करने के लिये सभी सुरक्षा उपाय करे कि तार मनुष्यों को जोखिम में न डालें।
कठोर दायित्त्व और उपेक्षा के बीच अंतर पर:
- न्यायालय ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के दायित्त्व का आधार क्रियाकलाप की प्रकृति में निहित पूर्वानुमानित जोखिम है। इस प्रकार का दायित्त्व, जिसे विधि में "कठोर दायित्त्व" कहा जाता है, अवधारणात्मक रूप से उपेक्षा से उत्पन्न दोष-आधारित दायित्त्व से भिन्न है। जबकि उपेक्षा यह मानती है कि उचित सावधानियों के माध्यम से पूर्वानुमानित नुकसान से बचा जा सकता था, कठोर और पूर्ण दायित्त्व दोष के सबूत या किसी प्रतिरक्षा की उपलब्धता पर निर्भर नहीं करता है।
एम.सी. मेहता बनाम भारत संघ मामले पर निर्भरता के संबंध में:
- न्यायालय ने एम.सी. मेहता बनाम भारत संघ (1987) के मामले में उच्चतम न्यायालय के निर्णय पर विश्वास किया, जिसमें रायलैंड्स बनाम फ्लेचर (1868) में निर्धारित कठोर दायित्त्व के सिद्धांत को विस्तारित किया गया और खतरनाक क्रियाकलापों में लगे उद्यमों के लिये बिना किसी अपवाद के पूर्ण दायित्त्व के स्तर तक ले जाया गया।
खतरनाक पदार्थों का कारोबार करने वाली कंपनी के रूप में GETCO की स्थिति पर:
- न्यायालय ने पाया कि बिजली की बिक्री और संचरण के व्यवसाय में संलग्न होने के कारण, जो कि एक खतरनाक उत्पाद है, GETCO's सह-उपेक्षा की प्रतिरक्षा करके दायित्त्व से बच नहीं सकता। न्यायालय ने यह माना कि परस्पर विरोधी दलीलों के गुण-दोषों में जाए बिना, GETCO द्वारा खतरनाक पदार्थ का व्यापार करना ही पूर्ण दायित्त्व के सिद्धांत को आकर्षित करता है, जिसके अधीन उसे अपने क्रियकलाप के कारण हुई मृत्यु के लिये प्रतिकर देना अनिवार्य है।
- इन सिद्धांतों को लागू करते हुए, न्यायालय ने GETCO की अपील को खारिज कर दिया और विचारण न्यायालय द्वारा दिए गए प्रतिकर के निर्णय को बरकरार रखा।
कठोर दायित्त्व और पूर्ण दायित्त्व क्या हैं?
बारे में:
- अपकृत्य संबंधी विधि में सामान्यत: उपेक्षा का सबूत आवश्यक होता है, लेकिन कुछ स्वाभाविक रूप से खतरनाक क्रियाकलाप त्रुटी की परवाह किये बिना दायित्त्व को आकर्षित करती हैं।
- इस संबंध में दो सिद्धांत लागू होते हैं: कठोर दायित्त्व और पूर्ण दायित्त्व।
कठोर दायित्त्व – उत्पत्ति:
- इस सिद्धांत की उत्पत्ति रायलैंड्स बनाम फ्लेचर (1868) के मामले में हुई, जहाँ एक मिल स्वामी के जलाशय का पानी पुरानी खदान की सुरंगों से रिसकर पास की कोयले की खदान में भर गया था।
- न्यायमूर्ति ब्लैकबर्न ने कहा कि जो कोई भी अपनी भूमि पर ऐसी कोई चीज लाता है जिससे यदि वह निकल जाए तो नुकसान होने की संभावना है, उसे, उसे अपने जोखिम पर रखना होगा और उसके निकलने के स्वाभाविक परिणामों के लिये वह उत्तरदायी होगा।
- यद्योई शुरू में इसे "पूर्ण दायित्त्व" कहा गया था, लेकिन विनफील्ड ने बाद में इसे "कठोर दायित्त्व" नाम दिया क्योंकि इस नियम में अपवाद थे।
आवश्यक तत्त्व:
- दो शर्तें पूरी होनी चाहिये: खतरनाक पदार्थ प्रतिवादी की भूमि से निकलकर उनके नियंत्रण से बाहर चला जाए (भोपाल गैस त्रासदी इसका उदाहरण है, जहाँ मिथाइल आइसोसाइनेट कारखाने के परिसर से बाहर लीक हो गया था), और भूमि का उपयोग अप्राकृतिक तरीके से किया जाए, जिसका अर्थ है एक असामान्य क्रियाकलाप जो सामान्य या सामुदायिक लाभ के उपयोग से परे विशेष खतरा उत्पन्न करता है (जैसा कि रिकार्ड्स बनाम लोथियन में स्पष्ट किया गया है )।
- उदाहरणों में विस्फोटक, भारी मात्रा में गैस और बिजली, और हानिकारक धुएं शामिल हैं। "गैर-प्राकृतिक" क्या माना जाएगा, यह संदर्भ पर निर्भर करता है, जैसा कि भारतीय न्यायालयों ने कृषि मामलों जैसे काना राम अखुल बनाम सतीधर चटर्जी में स्वीकार किया है। दायित्त्व प्रतिवादी द्वारा नियुक्त स्वतंत्र ठेकेदारों द्वारा किये गए नुकसान तक भी विस्तारित होता है, जैसा कि रायलैंड्स और टी.सी. बालकृष्णन मेनन बनाम टी.आ.र सुब्रमण्यम के मामलों में कहा गया है।
कठोर दायित्त्व के विरुद्ध प्रतिरक्षा:
- अपने नाम के होते हुए भी, कठोर दायित्त्व कई प्रतिरक्षाओं को स्वीकार करता है: वादी का व्यतिक्रम, वादी की सहमति (volenti non fit injuria), सामान्य लाभ (कारस्टेयर्स बनाम टायलर), किसी अजनबी का कृत्य, दैवीय कृत्य (निकोल्स बनाम मार्सलैंड), और सांविधिक अधिकार (मद्रास रेलवे कंपनी बनाम कार्वेटेनाग्राम के जमींदार)।
पूर्ण दायित्त्व – एम.सी. मेहता बनाम भारत संघ (1987):
- 1985 में श्रीराम फूड्स की दिल्ली स्थित फैक्ट्री से ओलियम गैस के रिसाव के बाद, उच्चतम न्यायालय ने मुख्य न्यायाधीश भगवती के माध्यम से यह निर्णय दिया कि 19वीं सदी का रायलैंड्स नियम आधुनिक औद्योगिक खतरों के लिये अपर्याप्त है।
- इसने एक कठोर "पूर्ण दायित्त्व" मानक विकसित किया: खतरनाक या स्वाभाविक रूप से जोखिम भरे क्रियाकलापों में संलग्न उद्यमों का समुदाय के प्रति नुकसान को रोकने का एक पूर्ण, गैर-हस्तांतरणीय कर्त्तव्य है, जिसमें कोई अपवाद उपलब्ध नहीं है।
कठोर दायित्त्व और पूर्ण दायित्त्व के बीच तुलना:
|
पहलू |
कठोर दायित्त्व |
पूर्ण दायित्त्व |
|
अपवाद |
कुछ अपवादों एवं प्रतिरक्षाओं की अनुमति होती है, जैसे—दैवीय कृत्य, तृतीय पक्ष के कृत्य आदि। |
कोई अपवाद या प्रतिरक्षा उपलब्ध नहीं होती; प्रत्येक परिस्थिति में दायित्व पूर्ण एवं निरपेक्ष होता है। |
|
संपत्ति से पलायन |
हानि उत्पन्न करने के लिए यह आवश्यक है कि खतरनाक पदार्थ भूमि अथवा परिसर से बाहर निकलकर (Escape) क्षति पहुँचाए। |
पदार्थ के परिसर से बाहर निकलने की कोई आवश्यकता नहीं है; परिसर के भीतर अथवा बाहर, दोनों स्थितियों में हुई हानि पर यह सिद्धांत लागू होता है। |
|
प्रयोग का क्षेत्र |
भूमि के ऐसे सभी अप्राकृतिक उपयोगों पर लागू होता है जिनमें खतरनाक क्रियाकलाप सम्मिलित हों। |
केवल जोखिमपूर्ण (Hazardous) अथवा स्वभावतः खतरनाक क्रियाकलापों पर लागू होता है। |
|
क्षतिपूर्ति की मात्रा |
क्षतिपूर्ति सामान्यतः हुई हानि की सीमा एवं प्रकृति के अनुपात में निर्धारित की जाती है। |
क्षतिपूर्ति का निर्धारण केवल हुई हानि के आधार पर नहीं, अपितु संबंधित उपक्रम (Enterprise) की आर्थिक क्षमता एवं संसाधनों को ध्यान में रखकर किया जाता है। |